सरयू के घाट पर रंगोली बनाकर दिया जागरुकता का संदेश
Mau News - मऊ में ‘गंगा उत्सव’ का आयोजन हुआ, जिसका उद्देश्य नदियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई, जिसमें छात्रों ने स्वच्छता अभियान चलाया। उप जिलाधिकारी ने गंगा की स्वच्छता को सामाजिक दायित्व बताया और सभी से प्रदूषण मुक्त रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मऊ, संवाददाता। ‘गंगा, आस्था और एकात्मकता का सार, आइए गंगा संग मनाएं नदियों का त्यौहार’ के संदेश के साथ मंगलवार को दोहरीघाट स्थित सरयू तट रामघाट पर ‘गंगा उत्सव’ बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम जिला गंगा समिति, मऊ के तत्वावधान में आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य नदियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, नदी स्वच्छता को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय जनमानस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना था। इस दौरान कालेज की छात्राओं ने रामघाट पर रंगोली के माध्यम सें लोगों को जागरुकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत विक्ट्री इंटर कॉलेज परिसर से साइकिल रैली के साथ हुई, जिसे उपजिलाधिकारी घोसी अशोक कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामघाट पहुंची, जहां विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर घाट परिसर की सफाई की और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता एवं नदी संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। उप जिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि गंगा हमारी संस्कृति और आस्था की जीवनधारा है। इसे स्वच्छ रखना हमारा सामाजिक और नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी से गंगा और अन्य नदियों को प्रदूषणमुक्त रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। गंगा उत्सव के अंतर्गत कॉलेज परिसर में साइकिलोथॉन, सेमिनार, प्रश्नोत्तरी एवं रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने गंगा नदी के महत्व, जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सतत विकास पर अपने विचार प्रस्तुत किए। नगर पंचायत अध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल ने कहा कि गंगा उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह समाज को गंगा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के प्रति संवेदनशील बनाने का अभियान है। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन डॉ.हेमंत कुमार यादव, जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति मऊ ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक धर्मेंद्र राय, प्रधानाचार्य डॉ.शाश्वतानंद पांडे, सुधीर कनौजिया, करुणेश मिश्रा, आज़ाद जायसवाल, अर्जुन सिंह, आनंद राय, रत्नेश पांडे, शिवम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




