
तीन करोड़ की ठगी में पांच सगे भाईयों पर दूसरी बार गैंगस्टर
संक्षेप: Mau News - घोसी में लखनऊ सहित अन्य शहरों में जमीन दिलाने के नाम पर तीन करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पांच भाईयों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों ने 24 लोगों से पैसे लेकर न तो जमीन दी और न ही पैसे लौटाए, बल्कि जान से मारने की धमकी दी।
घोसी, हिन्दुस्तान संवाद। लखनऊ सहित अन्य महानगरों में जमीन दिलाने के नाम पर तीन करोड़ रूपये की धोखाधड़ी करने के मामले में नामजद पांच शातिर जालसाज सगे भाईयों पर कोतवाली पुलिस ने दूसरी बार गैंगस्टर का मुकदमा पंजीकृत किया है। उक्त आरोपियों पर पहली बार 17 दिसम्बर 2024 को तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने मुकदमा पंजीकृत कराते हुए बताया कि फुरकान अहमद निवासी बरावा मीरगंज जनपद जौनपुर गैंग का सदस्य है। यह अपने साथियों महमूद अख्तर, मसूद अख्तर उर्फ मसूद अहमद, मोहम्मद खालिद अंसार व मोहम्मद नदीम अहमद पांच भाई निवासीगण करीमुद्दीनपुर थाना कोतवाली घोसी के साथ मिलकर लखनऊ सहित अन्य शहरों में जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी छल व अपराध करके आर्थिक व भौतिक दुनियाबी लाभ कमाता है।

इस गैंग के आपराधिक कृत्य से आमजन में भय का माहौल है। उक्त गैंग पर 22 जून 2022 को बलिया जनपद के उभांव थाना अंतर्गत चकिया निवासी मंजूर आलम ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के माध्यम से घोसी थाना अंतर्गत नगर क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर निवासी मोहम्मद शाहिद, मोहम्मद महमूद, मसूद अहमद, खालिद, नदीम अहमद व लखनऊ के फूलबाग प्रथम निवासी फुरकान अहमद ने वर्ष 2016 में अच्छी जगह पर लखनऊ में जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया था। पीड़ित ने अपने साथ ही फरहानाज, हाजी कलीम शेख, मोयकीब, पूनम चौधरी, रियाजुद्दीन खान, राजन चौहान व प्रभा सिंह सहित कुल 24 लोगों से कुल मिलाकर करीब तीन करोड़ रूपये जमा करा दिये। कुछ समय के बाद आरोपियों ने न तो पैसा वापस किया और न ही जमीन का बैनामा कराया। उधर पैसा मांगने पर उक्त लोग पीड़ित को जान से मारने की धमकी देने लगे। कोतवाली पुलिस ने उक्त मुकदमे में बाद विवेचना आरोप पत्र अदालत में प्रस्तुत किया जा चुका है। कोतवाली पुलिस की आख्या पर पुलिस अधीक्षक इलामारन की संस्तुति के बाद जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने पांचों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत करने का अनुमोदन कर दिया। जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा पंजीकृत कर लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




