पंपों पर नो पेट्रोल-डीजल की लटक रहीं तख्तियां
मऊ जिले में पेट्रोल-डीजल की भारी कमी हो गई है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से अधिक पेट्रोल पंप सूख चुके हैं, जिससे वाहन चालकों और किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन के अनुसार, आपूर्ति 30 प्रतिशत कम हो गई है, जिससे लोग घंटों लाइन में लगकर ईंधन लेने को मजबूर हैं।

मऊ, संवाददाता। जिले में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पेट्रोल-डीजल की समस्या बढ़ रही है। पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति कम होने से दोहरीघाट से लेकर मऊ बलिया मोड़ तक लगभग 15 से अधिक पंप ड्राई हो गए हैं। पंपों पर नो पेट्रोल-डीजल की तख्तियां लटक रही हैं। इस वजह से वाहन चालकों, किसानों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोगों को घंटों लाइन में लगकर पेट्रोल-डीजल लेना पड़ रहा है, जबकि कई उपभोक्ताओं को दूसरे कस्बों और बाजारों तक भटकना पड़ रहा है। प्रशासनिक जानकारों की माने तो पहले की अपेक्षा आपूर्ति 30 फीसदी कम होना प्रमुख कारण बताया जा रहा है।
जनपद के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में ईंधन संकट का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। कुछ स्थानों पर सीमित मात्रा में पेट्रोल और डीजल दिए जाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। खासकर डीजल की कमी से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस समय कृषि कार्यों के लिए ट्रैक्टर और सिंचाई उपकरणों में डीजल की आवश्यकता अधिक रहती है। सोमवार को दोहरीघाट, अमिला, घोसी, कोपागंज समेत बलिया मोड़ तक के लगभग सभी पंपों पर नो फ्यूल की तख्तियां लटकती दिखीं। वहीं कुछ पंपों पर सिर्फ डीजल ही मिल रहा था वह भी लिमिट में। इससे वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। लोगों को तेल की तलाश में लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल-पेट्रोल की समस्या सबसे अधिक हो रही है। वहीं डीजल की कमी से किसानों की भी समस्या बढ़ रही है। इस समय खरीफ फसलों की तैयारी के लिए खेतों की जुताई करनी है। जायद के फसलों एवं सब्जी की फसलों के लिए सिंचाई करने के लिए डीजल की जरूरत है। न मिल पाने से किसान परेशान हैं। जहां तेल मिलने की हो रही सूचना वहां भारी भीड़ पहुंच रही है। तेल लेने के लिए तल्ख धूप में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, पेट्रोल पंप संचालकों के बीच यह भी चर्चा है कि कुछ डीलरों द्वारा तेल कंपनियों को समय से अग्रिम भुगतान न किए जाने के कारण भी आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कंपनियों की ओर से भुगतान मिलने के बाद ही नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है, ऐसे में वित्तीय कारणों से भी कई पंपों पर समय से स्टॉक नहीं पहुंच पा रहा है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


