Mau News: मेडिकल स्टोर में लगी आग, दवाइयां और जरूरी सामान जलकर राख
Mau News: मऊ के घोसी नगर स्थित एसके मेडिकल स्टोर में रविवार रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग ने दवाइयां और लाखों का सामान जलाकर राख कर दिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और समय पर आग पर काबू पा लिया। इस दुर्घटना में संचालक संतोष कुमार को बड़ा नुकसान हुआ है।
Mau News: मऊ, संवाददाता। घोसी नगर के पकड़ी मोड़ स्थित एसके मेडिकल स्टोर में रविवार की रात में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग में दुकान में रखी दवाइयां समेत लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दुकान के ऊपर रह रहे लोगों ने लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घोसी के बड़ागांव उत्तरी निवासी संतोष कुमार एसके मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। बताया गया कि रात करीब दो बजे दुकान बंद थी। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई।
आग की लपटें और धुआं देखकर मकान मालिक ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। आग से मेडिकल स्टोर में रखी लगभग सभी दवाइयां नष्ट हो गईं। इसके अलावा फ्रीज, इन्वर्टर, सीसीटीवी कैमरा, काउंटर और उसमें रखा नकद भी आग की चपेट में आ गया। दवाइयों के बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए। रात में मेडिकल स्टोर में आग लगने की सूचना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। मेडिकल स्टोर संचालक संतोष कुमार ने बताया कि अग्निकांड में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।


