अकीदत के साथ अदा की गई ईद की नमाज
0 लॉकडाउन का पालन कर घरों में अदा की गई ईद की नमाज
मऊ। निज संवाददाता
जिले में ईद उल फितर का पर्व सोमवार को सादगी के साथ मनाया गया। ईदगाह में पांच लोगों ने सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए ईद की नमाज अदा किया। इसके बाद सभी मुस्लिम भाईयों ने अपने-अपने घरों में नमाज अता करते हुए मुल्क की सलामती के लिए दुआ मांगी। साथ ही साथ देश को भी कोरोना से महफूज रखने दुआ किया गया। ईद की नमाज अता करने के बाद लोगों ने सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए एक-दूसरे को ईंद की बधाई दिया। उधर सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा सभी ईंदगाहों व मस्जिदों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
लॉकडाउन के बावजूद ताने-बाने के मऊ जिले में ईद पर्व को लेकर मुस्लिम भाईयों में काफी उत्साह देखा गया। पाक माह रमजान के दौरान एक माह का रोजा रखने के बाद ईद त्योहार का मुस्लिम भाईयों को काफी बेसब्री के साथ इंतजार रहा। हालांकि इस बार कोरोना वायरस व लॉकडाउन के कारण धर्म गुरुओं द्वारा पहले से ही अपने-अपने घरों में ही ईद की नमाज अता करने को कह दिया गया था। इस बार ईद त्योहार को लेकर लोग घरों में ही पकवान आदि बनाने की तैयारी करने में जुटे थे। रमजान माह में एक माह का रोजा रखने के उपरांत रविवार की शाम को जैसे ही चांद दिखाई दिया, मुसलमान बंधुओं के चेहरे मुस्कान आ गई। सुबह होते ही मुस्लिम बंधु लॉकडाउन का पालन करते हुए दिखाई दिए। मस्जिदों व ईदगाहों में पांच लोगों ने ईद की नमाज अता किया। इसके बाद सभी मुस्लिम बंधुओं ने अपने-अपने घरों में ईद की नमाज अता किया। कोविड 19 के कारण इस बार लोग एक दूसरे से गले नही मिले। लोगों के सोशल डिस्टेंसिग का पालन किया और फोन, वाट्सअप व फेसबुक के जरिये लोगों को ईद की बधाई दी। ईद पर्व के मद्देनजर मस्जिदों व ईदगाह पर सुरक्षा के भी खास इंतजाम रहे। सुरक्षा में लगे पुलिस व प्रशासन के लोगों ने सोशल डिस्टेंसिग का पालन करने की अपील भी की। सुरक्षा की दृष्टि से उच्चाधिकारी सभी धार्मिक स्थलों व सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
नहीं लगा ईंद का मेला
मऊ। ताने-बाने के मऊ शहर क्षेत्र के खीरीबाग के सहन में प्रत्येक वर्ष लगने वाला ईंद का मेला इस वर्ष लॉकडाउन के कारण नहीं लगा। खीरीबाग के मैदान में तीन दिवसीय ईंद का मेला नहीं लगने के कारण बच्चे काफी निराश दिखाई दिए। साथ ही साथ दुकानदारों में भी काफी निराशा दिखाई दिया।
नहीं हुआ ईद मिलन का आयोजन
मऊ। हिन्दू-मुस्लिम एकता की मिशाल कहे जाने वाले डीएवी इण्टर कालेज में प्रत्येक वर्ष ईद के मौके पर ईद मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। लेकिन इस वर्ष लॉकडाउन का पालन करते हुए ईंद मिलन कार्यक्रम का आयोजन तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया। डीएवी इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य देव भाष्कर तिवारी व मुस्लिम इण्टर कालेज के प्रबंधक व पूर्व राज्य सभा सांसद सालिम अंसारी ने लॉकडाउन का पालन करते हुए सभी लोगों को ईद पर्व की बधाई दिया है।
