काशीदाश बाबा पूजन में जयकारों से गूंजा वातावरण
दोहरीघाट के टिकरी गांव में काशी दास बाबा का भव्य पूजन समारोह आयोजित हुआ। गांव के निवासी उदय नारायण यादव के आवास पर श्रद्धा और भक्ति से भरे इस आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। पूजा वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधियों के साथ की गई, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

दोहरीघाट, हिन्दुस्तान संवाद। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोंठा के टिकरी गांव में रविवार को धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब ग्राम निवासी उदय नारायण यादव के आवास पर काशी दास बाबा का भव्य पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा रहा और जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा। पूजा की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ की गई। राम धवल पंथी द्वारा विशेष पूजा-अर्चना कराई गई, जिसमें आकाश से अग्नि प्रज्वलित करने जैसी परंपरागत और आस्था से जुड़ी विधियों का भी पालन किया गया।
इस अनोखे दृश्य को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरे वातावरण में भक्ति का संचार हो गया। पूजन के दौरान काशी दास बाबा का विधिवत पूजन किया गया। इसके साथ ही वंश शक्ति का भी पूजन परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंत्रोच्चार और जयकारों की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर राम धवलपंथी द्वारा गर्म दूध से स्नान कर आस्था और भक्ति का विशेष प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु उत्साहित हो उठे और लगातार जयकारे लगाते रहे। यह दृश्य उपस्थित लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पूजन में शामिल होने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा काशी दास के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान लोचन यादव, हरिनारायण यादव, राजेंद्र मिश्रा, डॉ संतोष कुमार, अजय यादव आंसू, सतीश यादव, बृजेश राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


