Mau News: सरसेना में मनरेगा कार्यों में भ्रष्टाचार की जांच करने पहुंची टीम
Mau News: - एआर सहकारिता की अनुपस्थिति पर ग्रामीणों ने जताया रोष ऑटो चालकों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

Mau News: चिरैयाकोट, हिन्दुस्तान संवाद। विकास खण्ड रानीपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सरसेना में मनरेगा के तहत कराए गए चक मार्ग, नाली, इंटरलॉकिंग और ह्यूम पाइप जैसे विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत पर बुधवार को जांच टीम गांव पहुंची। ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम के आदेश से गठित टीम ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया, लेकिन अध्यक्ष एआर सहकारिता के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों ने जांच की निष्पक्षता पर संदेह जताया। विकास खंड रानीपुर के ग्राम पंचायत सरसेना निवासी रामजीत राम, इंद्रदेव चौहान, राजेश सिंह, शेषनाथ सिंह, विनोद पासवान ने 10 अक्टूबर 2025 को जिलाधिकारी मऊ को शपथ पत्र के साथ शिकायती पत्र सौंपा था।
डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एआर सहकारिता की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बुधवार को जांच के लिए एआर खुद नहीं आए, बल्कि उनके बाबू आशुतोष सिंह ही अधिकारी की भूमिका में जांच करते रहे। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। मौके पर वर्तमान सचिव पवन सिंह, निवर्तमान सचिव संतोष कुमार, जेई चंदन कुमार, एई जेके सिंह समेत, रामजीत राम सिद्धार्थ गौतम, सोनिया देवी, टिल्लू राम, शिवकुमार राम, राजकुमार राम, संजय कुमार, सरवन चौहान आदि ग्रामीण मौजूद रहे।


