
टीबी मुक्त अभियान में लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई : ब्लॉक पर्यवेक्षक
Mau News - दोहरीघाट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बैठक में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान की समीक्षा की गई। 74 ग्राम पंचायतों में से 13 को टीबी मुक्त किया गया है। अधिकारियों ने आशाओं को निर्देश दिया कि वे संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों की पहचान करें और कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।
दोहरीघाट(मऊ), हिन्दुस्तान संवाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट के सभागार में सोमवार को द्वितीय क्लस्टर की आशा कार्यकत्रियों की बीसीपीएम सुरेंद्रनाथ यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। सघन टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान की समीक्षा की गई। ब्लॉक क्षय रोग पर्यवेक्षक आयुष राय ने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाली संबंधित आशाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्लॉक क्षय रोग पर्यवेक्षक आयुष राय ने बताया कि दोहरीघाट ब्लॉक में कुल 74 ग्राम पंचायत है। इसमें अब तक 13 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त कर दिया गया है। उन्होंने उपस्थित आशाओं को निर्देशित किया कि गांव में घूम-घूम कर बलगम परीक्षण एवं अन्य सभी जांचों मे तेजी लाए।
संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनकी जांच कराई जाए। अगर कहीं से भी कोई कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत मिली तो सम्बंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं बीसीपीएम सुरेंद्रनाथ यादव ने कहा कि जब वह फील्ड में जाएं तो आमजन को इस बात की जानकारी अवश्य दें कि टीबी अन्य बीमारियों की तरह ही हैं। इसे छिपाएं नहीं बल्कि समय से उपचार कराएं। नियमित रूप से उपचार करने पर टीबी पूरी तरह ठीक हो जाती है और रोगी पहले की तरह सामान्य जीवन जी सकता है। बताया कि क्षय रोगियों को सरकार की तरफ से निक्षय पोषण योजना के तहत उनको देखभाल के लिए धनराशि भी खाते में भेजी जाती है। इस दौरान बीएमसी वीरपाल, राजेश सहित आशा कार्यकत्री उपस्थित रहीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




