प्रथम चरण में 22 मई से 20 जून तक की जाएगी मकानों की गणना
Mau News - मऊ में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 22 मई से 20 जून तक मकानों की गणना की जाएगी। इसमें 5200 कार्मिक लगाए जाएंगे और स्वगणना का विकल्प भी दिया जाएगा। सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को डिजिटल और मैन्युअल गणना का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मऊ, संवाददाता। जनगणना-2027 के कार्यों को समयबद्ध और त्रुटिहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन के निर्देशानुसार जिले में प्रारंभिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। प्रथम चरण में 22 मई से 20 जून तक मकानों की गणना की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने इसके लिए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की नियुक्ति और प्रशिक्षण के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनगणना के प्रथम चरण यानी मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के कार्य को पूरी गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भवन और घर का सटीक पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी परिवार या व्यक्ति गणना से वंचित न रहे।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील और ब्लॉक स्तर पर प्रगणकोंऔर सुपरवाइजरों की समय से नियुक्ति कर ली जाए। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 का प्रथम चरण जिसमें मकान सूचीकरण एवं मकान की गणना उत्तर प्रदेश में 22 मई से 20 जून तक की जाएगी। जनपद में कुल 5200 कार्मिकों को गणना कार्य में लगाया जाएगा। पहली बार इस जनगणना में स्वगणना का भी विकल्प दिया गया है। इसमें देश का कोई भी व्यक्ति अपनी मकान गणना पोर्टल के माध्यम से भर सकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा स्वगणना का कार्य 15 दिन पहले यानी 07 मई से 21 मई तक किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 जो पहली बार डिजिटल जनगणना के रूप में हो रही है प्रगणक अपने-अपने ब्लॉक में डिजिटल रूप से डाटा कलेक्ट करेंगे और हाउस लिस्टिंग डाटा पोर्टल पर फीड करेंगे। उन्होंने कहा की गणना प्रक्रिया में प्रशिक्षण लेने के बाद किसी भी दशा में किसी कार्मिकों की ड्यूटी नहीं कटेगी। जिला प्रभारी ओम कन्हैया यादव ने जनगणना 2027 की तैयारियों, कार्य योजना, मानव संसाधन की उपलब्धता, प्रशिक्षण व्यवस्था, तकनीकी सहयोग तथा फील्ड स्तर पर किए जाने वाले कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला सांख्यिकी अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी और जनगणना सेल से जुड़े अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।डिजिटल और मैन्युअल गणना का दिया जाएगा प्रशिक्षणमऊ। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नियुक्त किए गए सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को डिजिटल माध्यम और मैन्युअल गणना, दोनों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन तहसील स्तर पर किया जाएगा, जिसकी निगरानी मास्टर ट्रेनर्स करेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


