बसपा कैंप कार्यालय पर मनाई गई माता सावित्रीबाई फुले की जयंती
Mau News - देश की प्रथम शिक्षिका एवं समाज सुधारिका माता सावित्री बाई फुले की जयंती बसपा कैंप कार्यालय पर श्रद्धा से मनाई गई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर समाज में शिक्षा के प्रसार का संकल्प लिया। माता ने विशेष रूप से महिलाओं और दलितों को शिक्षित करने का कार्य किया और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया।

मुहम्मदाबाद गोहना, हिन्दुस्तान संवाद। देश की प्रथम शिक्षिका एवं समाज सुधारिका माता सावित्री बाई फुले की जयंती शनिवार को बसपा कैंप कार्यालय पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बसपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने माता सावित्रीबाई फुले के बताए मार्ग पर चलने और समाज में शिक्षा का प्रसार करने का संकल्प लिया। पूर्व बसपा प्रत्याशी डा.धर्म सिंह गौतम ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले शिक्षा की देवी थीं। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी समाज को शिक्षा की राह दिखाई और विशेष रूप से महिलाओं एवं दलित-वंचित वर्ग को शिक्षित करने का ऐतिहासिक कार्य किया।
उन्होंने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले के संघर्ष और त्याग का ही परिणाम है कि आज महिलाएं शिक्षित होकर आत्मनिर्भर बनी हैं और समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कहा कि सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम बनाया और जीवन भर सामाजिक कुरीतियों, भेदभाव और अंधविश्वास के खिलाफ संघर्ष किया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को समानता, भाईचारे और शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष लालचंद प्रसाद प्रधान, प्रोफेसर आशीष कुमार, महाप्रधान अमरनाथ चौहान, चंदन कुमार राना (सुल्तानीपुर), अभय दीप, आज़ाद राना, विशाल भीमवंशी, भीमरतन कुमार सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




