कोपागंज-कसारा जर्जर की बदहाली दूर करने की व्यापारियों ने उठाई मांग
Mau News - उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों ने कोपागंज-कसारा मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताई। जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने बताया कि यह मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी से मार्ग की मरम्मत की मांग की है।

मऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जिला कमेटी की बैठक कोपागंज के युवा व्यापार मंडल के दोस्तपुरा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर के अध्यक्षता में हुई। बैठक के दौरान व्यापारियों ने कोपागंज-कसारा मार्ग की जर्जर स्थिति की तरफ ध्यान आकृष्ट कराते हुए समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग उठाया। जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने बताया कि कोपागंज कसारा मार्ग पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील हो चुका है। जिले के प्रमुख मार्गो में कोपागंज-कसारा मार्ग शामिल है। कोपागंज कस्बे का कोपागंज कसारा मार्ग बहुतचर्चित मार्ग है और यह शहीद मार्ग को जोड़ने के लिए नगर की हृदयस्थली है। यह मार्ग शहीदों की धरती मधुबन मार्ग को जोड़ता है।
साथ ही साथ इसी मार्ग पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय कल्पना राय जी का आवास है, उन्होंने कोपागंज के बापू इंटरमीडिएट कॉलेज में शिक्षा ग्रहण किया था। इस मार्ग से 400 केवी विद्युत सब स्टेशन कसारा तथा नवोदय विद्यालय महुआर को जोड़ता है। इसलिए मार्ग की बदहाली को तत्काल जनहित में दूर किया जाए। व्यापारियों ने इस मार्ग की बदहाली तत्काल जनहित में दूर करने की मांग जिलाधिकारी से किया। जिलाध्यक्ष उमाशंकर उमर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इसको बनाया गया था। लेकिन इस समय यह सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गया है, इस मार्ग पर चलने वाले लोग आए दिन चुटहिल हो रहे हैं। व्यापारियों ने इस मार्ग की बदहाली दूर करने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, बावजूद बदहाली दूर नहीं किया जा सका है। जबकि अधिकारियों द्वारा बताया गया है कि कोपागंज-कसारा मार्ग निर्माण के लिए सरकार से फंड मिल गया है। जल्द ही इस पर काम शुरू कराया जाएगा, लेकिन स्थिति यह है कि चार महीने बीतने के बाद भी सड़क के मरम्मत का कार्य शुरु नहीं किया जा सका है। सड़क की बदहाली से व्यापारियों का व्यापार चौपट हो रहा है। व्यापारियों ने बताया कि कोपागंज में सड़क की हालत इतनी खराब है कि हल्की भी बारिश हो जाने पर दोस्तपुरा, जुम्मनपुरा, वाजिदपुरा, ओड़ियाना मोड आदि में जल जमाव हो जाता है। व्यापारियों की दुकानों में भी पानी घुस जाता है। इस कारण व्यापारी समाज हर तरह से परेशान है। बैठक में अमृतलाल जायसवाल, मनोज कुमार बरनवाल ,जितेंद्र गुप्ता, लाल जी साहनी ,युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनोद कुमार गुप्ता, दीपक मद्धेशिया, संदीप शर्मा, धीरज गुप्ता, आशीष जायसवाल ,आरिफ रायनी आदि उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


