कोरौली। हिन्दुस्तान संवाद
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसमा में गुरुवार को नेशनल हाइवे 29 के चौड़ीकरण की जद में आए मकानों को प्रशासन ने बुलडोजर लगाकर गिरा दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौके पर खड़ी रही। मकान तोड़ने की प्रक्रिया शुरू होने पर गृहस्वामियों के बीच अफरा तफरी मच गयी।
उप जिलाधिकारी आशुतोष राय ने कहा कि वाराणसी फोरलेन के किनारे सभी लोगों को नोटिस दे दिया गया है। इसके बावजूद जो लोग अपने अतिक्रमण को नहीं हटाएंगे उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई किया जाएगा। फोरलेन का काम भी काफी तेजी गति से आगे बढ़ाने के लिए यह जरूरी है कि अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाया जाए। इसी क्रम में बुलडोजर लगाकर अतिक्रमण हटाया गया है। बताते चलें कि इस फोर लेन के बनने में लगभग पांच वर्ष का समय बीत चुका है। अब तक मात्र 40 से 50 परसेंट ही कार्य हुए हैं। जिसको लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। राहगीरों को इस पर चलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर आए दिन लोग पत्र के माध्यम प्रशासन को सूचित करते रहते हैं। वहीं प्रशासन ने कमर कस लिया है। जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने के बाद कार्य में भी तेजी लाने के लिए कहा गया है। इस कार्रवाई में टुनटुन राय, संजय वर्मा, राहुल चौहान, अरविन्द चौहान, पवन के मकान पर बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।