अखिलेश यादव के परिवार पर आपत्तिजनक पोस्ट का मामला कोर्ट पहुंचा, CJM ने पुलिस से मांगी रिपोर्ट

विधि संवाददाता, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश चन्द्र यादव की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 173(4) के तहत सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए मांग की गई थी कि संबंधित थाना अथवा साइबर क्राइम इकाई को FIR दर्ज कर विधिवत विवेचना करने का निर्देश दिया जाए।

akhilesh yadav

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा उनके परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से प्रसारित की जा रही अश्लील, अभद्र और मानहानिकारक सामग्री के मामले में प्रारंभिक सुनवाई करते हुए प्रयागराज के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पुलिस से रिपोर्ट तलब की है। सीजेएम कोर्ट ने यह आदेश अधिवक्ता विनीत विक्रम को सुनकर दिया। मामले की अगली सुनवाई 18 जून को निर्धारित की गई है, जिसमें एफआईआर दर्ज कराने और विवेचना के संबंध में निर्णय लिया जा सकता है।

समाजवादी पार्टी के प्रयागराज के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश चन्द्र यादव की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 173(4) के तहत सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करते हुए मांग की गई थी कि संबंधित थाना अथवा साइबर क्राइम इकाई को एफआईआर दर्ज कर विधिवत विवेचना करने का निर्देश दिया जाए। कहा गया है कि 9 जून 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का अवलोकन करने के दौरान यह पाया गया कि अनेक सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा अखिलेश यादव, उनके परिवार तथा उनकी पुत्री के संबंध में तथ्यहीन, अश्लील, अपमानजनक एवं मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की जा रही है। आरोप है कि उक्त पोस्टों का उद्देश्य उनकी सामाजिक, व्यक्तिगत और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना तथा जनमानस में उनकी छवि धूमिल करना है।

विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि अखिलेश यादव की पुत्री एक छात्रा है और उनके संबंध में प्रसारित की जा रही सामग्री का किसी राजनीतिक विमर्श अथवा जनहित के मुद्दे से कोई संबंध नहीं है। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ व्यक्तिगत, अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे उनकी गरिमा, प्रतिष्ठा और निजता प्रभावित हो रही है। कई पोस्टों की प्रकृति और भाषा लगभग समान है तथा अनेक अकाउंट्स द्वारा उन्हें बार-बार साझा किया जा रहा है इससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि यह किसी एक व्यक्ति की अलग-अलग गतिविधि न होकर एक सुनियोजित एवं समन्वित दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा हो सकता है। यह भी कहा गया है कि कई फर्जी एवं अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा एआई से निर्मित चित्रों तथा अन्य डिजिटल सामग्री का भी प्रसारण किया जा रहा है, जिसकी तकनीकी जांच आवश्यक है।

कहा गया है कि मामले की प्रकृति पूरी तरह साइबर एवं डिजिटल है, संबंधित अकाउंट्स के वास्तविक संचालकों, आईपी एड्रेस, लॉगिन इतिहास, ई-मेल, मोबाइल नंबर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का पता केवल पुलिस एवं साइबर विशेषज्ञ एजेंसियों की जांच से ही लगाया जा सकता है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित लोग पोस्ट और डिजिटल रिकॉर्ड हटाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट कर सकते हैं।

साइबर थाने में दी तहरीर, कठोर कार्रवाई की मांग

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी बेटी अदिति के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सपाइयों ने नाराजगी जताई है। पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने साइबर थाना प्रभारी से मिलकर मामले की लिखित शिकायत की और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना ओम नारायण गौतम ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित मामले में प्रतापगढ़ और कानपुर में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, ऐसे में यहां मुकदमा दर्ज करने का कोई औचित्य नहीं है। कंटेंट डिलीट कराने के लिए ई-मेल भेजी गई है। मामले से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।