वृंदावन के मंदिर-देवालयों में बरस रहा रसरंग

Feb 28, 2026 09:01 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मथुरा
share Share
Follow Us on

Mathura News - धर्मनगरी वृंदावन में होली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। श्रद्धालु मंदिरों में भक्ति और उल्लास के साथ रंगों की वर्षा का आनंद ले रहे हैं। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विशेष आकर्षण है, जहाँ भक्तों पर फूलों और गुलाल की वर्षा की जा रही है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

वृंदावन के मंदिर-देवालयों में बरस रहा रसरंग

धर्मनगरी वृंदावन इन दिनों होली के रंगों में सराबोर है। मंदिरों और देवालयों में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के साथ होली का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। संपूर्ण नगर भगवान के जयकारों से गूंज रहा है। देश-विदेश से आए श्रद्धालु इस अलौकिक होली उत्सव के साक्षी बन रहे हैं। जग प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में रंगों व गुलाल की वर्षा के मध्य होली का विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। यहां ठाकुरजी के साथ-साथ उनके भक्तों पर भी फूलों और गुलाल की वर्षा की जा रही है। शनिवार सुबह जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, संपूर्ण मंदिर प्रांगण बांके बिहारी के जयकारों से गूंजने लगा और श्रद्धालुओं पर रंग और फूल बरसने लगे।

होली के गीतों और रसिया की धुन पर भक्त झूमते नजर आ रहे थे। मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर सकें। बांके बिहारी मंदिर सेवायत आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि वृंदावन की होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति और प्रेम का उत्सव है। यहां की परंपराएं सदियों पुरानी हैं और हर वर्ष लाखों श्रद्धालु इस दिव्य अनुभव का हिस्सा बनने आते हैं। मंदिरों में गूंजते भजन, उड़ता गुलाल और भक्तों का उमंग से भरा उत्साह यह दर्शाता है कि ब्रज की होली सचमुच अद्वितीय है। वहीं ठाकुर राधावल्लभ, राधा दामोदर, राधा श्याम सुंदर, राधारमण, राधा गोपीनाथ, प्रेम मंदिर आदि मंदिर-देवालयों में होली के अवसर पर विशेष श्रृंगार और कीर्तन का आयोजन हो रहा है। राधाकृष्ण की दिव्य दर्शनों के साथ जहां फूलों की होली और रंगों की होली दोनों का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। प्रेम मंदिर की रोशनी और सजावट श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है। होली के अवसर पर नगर में पहुंच रहे लाखों श्रद्धालुओं के सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम जिला, पुलिस और नगर निगम प्रशासन द्वारा किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग और सफाई कर्मियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।