बगीचे में विराजमान होकर राजाधिराज ने खोली होली
Mathura News - द्वारकाधीश मंदिर टेसू के रंगों व अबीर से हुआ सराबोर -द्वारकाधीश मंदिर टेसू के रंगों व अबीर से हुआ सराबोर -रसिया गायनों की धुन पर आनंदित होकर थिरके भ

ब्रज में चारों और होली की धूम मची हुई है। मंदिरों से लेकर गली-मोहल्ले अबीर गुलाल और रंगों से सराबोर नजर आ रहे हैं। मंदिरों से आराध्य प्रभु के दर्शन करके लौटते नर-नारी सभी रंगों और गुलाल से सराबोर हैं। रविवार को भारत विख्यात द्वारिकाधीश मंदिर में राजाधिराज ने बगीचे में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देकर होली खेली। मंदिर में भक्तों के ऊपर मंदिर के सेवायत ने टेसू के फूलों के रंगों की वर्षा की। ब्रज फाग द्वारकेश रसिया मंडल के गायकों द्वारा मंदिर प्रांगण में नगाड़े, ढप और झांझ बजाते हुए होली के रसिया गा रहे थे। ऐसी होरी में लग जाए आग री, याने कैसो चटक रंग डारो के गायनों पर महिला भक्त जमकर थिरक रहे थे।
ठाकुर जी की छटा अत्यंत मनमोहक लग रही थी। देश-विदेश से आए श्रद्धालु ठाकुर जी के प्रसादी अबीर-गुलाल, चोवा, चंदन और टेसू के शुद्ध फूलों से बनी केसरिया होली का आनंद ले रहे थे। मंदिर के मुखिया ने पिचकारियों से भक्तों पर टेसू के प्राकृतिक रंग की वर्षा की गई। इस रंग में रंगने को हर कोई लालायित हो रहा था। मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि उत्सव के दौरान ब्रज फाग द्वारकेश रसिया मंडल के गायकों द्वारा निरंतर डेढ़ घंटे तक ठाकुर जी को सुप्रसिद्ध रसिया सुनाए गए। होली के उपरांत मंदिर में सेवा कार्य चलता रहा। सायं 4.30 से 5 बजे तक शयन के दर्शन हुए, उसके पश्चात मंदिर के पट बंद कर दिए गए। सोमवार को प्रातः द्वारकानाथ के सभी दर्शन नियमानुसार होंगे। सोमवार को प्रातः 10 बजे से 11 बजे तक ठाकुर जी मंदिर में भक्तों के साथ होली खेलेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



