बोले मथुरा-सब जग खेले होली, दाऊजी में हुरंगा

Feb 22, 2026 08:07 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मथुरा
share

Mathura News - दाऊजी मंदिर में रंगों का पर्व अनूठा हुरंगा मनाया जाता है, जहां बलराम जी के साथ गोपियों द्वारा होली खेली जाती है। इस बार 5 मार्च को विशेष हुरंगा होगा। यह उत्सव 45 दिनों तक चलता है और इसमें प्राकृतिक रंगों की बौछार होती है, जो भक्तों को आनंदित करती है।

बोले मथुरा-सब जग खेले होली, दाऊजी में हुरंगा

पूरी दुनिया में जब रंगों का पर्व खत्म हो जाता है तब बल्देव के दाऊजी मंदिर में अनूठा हुरंगा होता है। यह हुरंगा आज भी होली को लेकर चली आ रही कहावत..देखो ये ब्रज देस निगोरा, सब जग होरी, ब्रज में होरा...कहावत को चरितार्थ करता है। इसी कड़ी में दाऊजी में होने वाले हुरंगे में भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम (दाऊजी) से हुरियारिनें गोपियों के रूप में होली खेलती हैं। यहां हुरियारों पर लाठियों की जगह प्रेम पगे पोतनों की बरसात होती है। ये पोतने भी हुरियारों के कपड़ों को फाड़ कर हुरियारिनें वहीं पर खुद हाथों-हाथ तैयार करती हैं।

अबीर-गुलाल, फूलों की पंखुड़ियों और टेसू फूलों से तैयार प्राकृतिक रंगों की बेशुमार बरसात यहां के हुरंगे का सबसे बड़ा आकर्षण है। इस बार पांच मार्च को दिन में 11 से एक बजे तक मंदिर में श्री दाऊजी महाराज विश्व प्रसिद्ध हुरंगा होगा। ब्रजमंडल का प्रमुख तीर्थ स्थल बलदेव जहां योगिराज भगवान श्री के अग्रज ब्रज के राजा ठाकुर श्री दाऊजी महाराज का भव्य विशाल मंदिर स्थापित है। जहां बसंत पंचमी से फाग महोत्सव का रस बरसता है। मंदिर में होली महोत्सव का रंग धीरे-धीरे परवान चढ़ रहा है। ब्रज में जहां होली का आयोजन 40 दिवसीय होता है, वहीं बलदेव में यह उत्सव 45 दिवसीय होता है। जो बसंत पंचमी से लेकर होली के बाद तक चलता है। बसंत पंचमी पर शाम को मंदिर में होली का डाढ़ा गाड़ा जाता है। मंदिर में सुबह और शाम समाज गायन होता है। होली का ये उत्सव प्रतिदिन धीरे धीरे आनंद व उत्साह के साथ बढ़ाता जाता है। रंगभरनी एकादशी से नगर की सेवायत परिवारों की महिलाओं के साथ नगर की महिलाएं नगर परिक्रमा के दौरान सैकड़ों की संख्या में श्री दाऊजी महाराज व रेवती मैया के रूप में भक्तों को दर्शन देती हैं। जो दाऊजी महाराज की परिक्रमा के बाद मंदिर प्रांगण में हुरंगा की तैयारियों को ब्रज के लोक गीतों पर नृत्य करती हैं। मंदिर के मुख्य पुजारी राम निवास शर्मा ने बताया की मंदिर में सुबह आरती के समय ओर रात्रि में शयन से पूर्व समाज गायन होता है। आरती के समय गुलाल व टेसू के फूलों से बनें रंग की बरसात भक्तों पर होती है। मंदिर में होने वाले समाज गायन से भक्ति व आनंद की वर्षा प्रतिदिन हो रही है। होता है समाज गायन: होली के दिन ठाकुर जी को विशेष प्रकार का शृंगार धारण कराया जाता है। होली महोत्सव पर समाज गायन की मंदिर में सैकड़ों वर्ष पुरानी परंपरा है। समाज गायन के समय विभिन्न प्रकार के वाद्य यंत्रों ढोल, ढप, मजीरा आदि के माध्यम से समाज गायन होता है। गुलाल की वर्षा से श्रद्धालु धन्य नजर आते हैं। समाज गायन में श्री दाऊजी महाराज खेले फाग, बलराम कुमार होरी खेलें, होरी खेलत कृष्ण बलराम आनंद भयो आदि समाज गायन में पदों का गायन होता है। मंदिर प्रांगण उच्च स्वरों से गूंज उठता है। समाज गायन में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में सेवायत उत्साह के साथ भाग लेते हैं। रात्रि के समय समाज में फउआ (मिठाई) का वितरण होता है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष मंदिर में हुरंगा खेलने से संबंधित सामग्री ज्यादा मंगाई गई है। बलदेव में बसंत पंचमी से डोल पंचमी तक गुलाल के साथ टेसू के फूलों का प्रयोग होता है। - कुमर पाल सिंह तोमर प्रबंधक, दाऊजी महाराज मंदिर दाऊजी महाराज का हुरंगा ब्रज मंडल की होली में अद्वितीय है। ब्रज में राधा-कृष्ण की होली होती है। वहीं बलराम की नगरी में इंद्रधनुषीय हुरंगा होता है। होली में चार बार मंदिर में डांढ़ा गाड़ा जाता है। - रामनिवास शर्मा मुख्य पुजारी, दाऊजी महाराज मंदिर दाऊजी महाराज मंदिर में विश्व प्रसिद्व हुरंगा का स्वरूप देवर-भाभी के मध्य खेले जाने वाला हुरंगा है। ये करीब 455 वर्ष पुराना है, अनवरत रूप से आज तक मंदिर सेवायत परिवार की महिला-पुरुष, बच्चे हुरंगा में हिस्सा लेते आ रहे हैं। - रवि पांडेय दाऊजी महाराज मंदिर प्रागंण में तीन दिन पूर्व टेसू के फूलों को गला कर हुरंगा का प्राकृतिक रंग तैयार किया जाता है। जिसमें हल्दी, चंदन, चूना, केसरिया रंग के साथ टेसू के फूल होते हैं। - गोविंद शरण त्रिपाठी प्रबंधक, मंदिर दाऊजी महाराज मंदिर में हुरंगा की तैयारी प्रारंभ हो गई है। टेसू के फूल, रंग गुलाल आने लगे हैं। पिछले बर्ष की अपेक्षा इस बार मंदिर में अधिक गुलाल मंगाया गया है। हुरंगा को लेकर समूचे बलदेव में उत्साह है। - भगवत पांडेय दाऊजी महाराज के हुरंगा से पूर्व गौ शाला गोकुल से बलदेव मार्ग को सही कराया जाए। साथ ही कैलाश मार्ग पर सीसी सड़क के दोनों तरफ पटरी बनवाई जाएं। जिससे जाम की समस्या के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। - किशोरी पांडेय

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।