निम्बार्काचार्य जयंती पर निकला परंपरागत डोला
सुदर्शन चक्रावतार भगवान निम्बार्काचार्य वृन्द जयंती महोत्सव के अंतर्गत निम्बार्क कोट से नगर में भव्य डोला व शोभायात्रा निकाली...

सुदर्शन चक्रावतार भगवान निम्बार्काचार्य वृन्द जयंती महोत्सव के अंतर्गत निम्बार्क कोट से नगर में भव्य डोला व शोभायात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण को निकली शोभायात्रा और डोला का हर्षोल्लासपूर्वक नगरवासियों को जगह- जगह अभिनंदन किया गया।
छीपीगली स्थित निम्बार्क कोट से भक्तों के कंधों पर प्रारंभ हुई शोभायात्रा व डोला किशोरपुरा, गौतमपाड़ा, बांकेबिहारी मंदिर, अठखंभा, बनखण्डी महादेव, लोई बाजार, राधारमण मंदिर, केशीघाट रोड, गोपेश्वर महादेव, वंशीवट मंदिर होती हुई सुदामा कुटी पहुंची। नगर में स्थान-स्थान पर शोभायात्रा का पुष्पवर्षा एवं आरती उतारकर भव्य अभिनंदन किया गया। निम्बार्क भगवान और गोपालजी महाराज के जयकारों से शोभायत्रा गुंजायमान रही। शोभायात्रा में बैण्ड की मधुर भक्तिपूर्ण धुनों और युगल संकीर्तन पर भक्तगण थिरकते चल रहे थे। निम्बार्क भगवान के डोल से आगे रासबिहारी सरकार सखी परिकर सहित शोभायात्रा में चल रहे थे। इस अवसर पर सेवायत वृन्दावन बिहारी, गोपाल, अनन्य, विपुल, कुंजबिहारी, गोविंद नारायण, गोपाल नारायण, बाबा मधुकंठ दास, गोविन्द आदि उपस्थित थे।
