ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मथुराऑनलाइन ठगी करने वाले छह बदमाश मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार

ऑनलाइन ठगी करने वाले छह बदमाश मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार

मथुरा। थाना गोवर्धन पुलिस व साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी करने वाले छह लोगों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। ये लोग पेटीएम, गूगल-पे, फेसबुक आदि एप के...

ऑनलाइन ठगी करने वाले छह बदमाश मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,मथुराSun, 27 Dec 2020 11:56 PM
ऐप पर पढ़ें

मथुरा। थाना गोवर्धन पुलिस व साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी करने वाले छह लोगों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। ये लोग पेटीएम, गूगल-पे, फेसबुक आदि एप के माध्यम से धोखाधड़ी कर ठगी करते थे। गिरफ्तार बदमाशों से 1,56,000 (एक लाख छप्पन हजार) रुपये, पांच अवैध असलाह और घटनाओं में इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गिरफ्तार बदमाशों ने मथुरा, हाथरस, मुरादाबाद, बुलंदशहर, बल्लभगढ़, फरीदाबाद आदि स्थानों के लोगों के साथ अन्य राज्यों के फर्जी सिम द्वारा धोखाधड़ी कर ऑनलाइन ठगी की थी। पुलिस के अनुसार गाठौली-देवसेरस रोड पर कनुवा बाबा तिराहा बम्बा पुलिया के पास शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान इन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों द्वारा पूर्व में की गई कई घटनाओं में थाना गोवर्धन के मुकदमा संख्या 416/20, वृंदावन के मुकदमा संख्या 796/20 का इकबाल किए जाने सहित काफी समय पूर्व मथुरा, हाथरस, मुरादाबाद ,बुलंदशहर, बल्लभगढ़, फरीदाबाद आदि स्थानों से काफी व्यक्तियों से ऑनलाइन ठगी किए जाने का भी कबूलनामा किया है।

ये हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार बदमाशों में जाफर पुत्र इस्लाम निवासी खेड़ा बासौली, थाना कैथवाड़ा, जिला भरतपुर, शाबिर पुत्र बशीरा निवासी देवसेरस थाना गोवर्धन मथुरा, हाल निवासी गांव अंगरावली थाना कामा, जिला भरतपुर, साबू पुत्र बबली निवासी देवसेरस थाना गोवर्धन मथुरा, हाल निवासी गांव अंगरावली थाना कामा जिला भरतपुर, राहुल पुत्र जाकिर निवासी देवसेरस थाना गोवर्धन, अकरम पुत्र मजीद निवासी दौलतपुर थाना गोवर्धन, साहबुद्दीन पुत्र बशीरा निवासी देवसेरस थाना गोवर्धन, हाल निवासी अंगरावली थाना कामा, जिला भरतपुर शामिल हैं।

पहले से चल रहे कई मुकदमे

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों पर कई मुकदमे पहले से चल रहे हैं। जाफर, शाबिर, साबू, अकरम और साहबुद्दीन पर गोवर्धन में चार और वृंदावन में एक मुकदमा दर्ज है। राहुल पर गोवर्धन में तीन और वृंदावन में एक मुकदमा दर्ज है।

गैंगस्टर और जब्तीकरण की होगी कार्रवाई

इस संबंध में एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि गोवर्धन क्षेत्र के देवसेरस सहित कुछ गांवों में इस तरह की ठगी करने वाले लोगों की जानकारी मिली है। ये लोग विभिन्न तरीकों से ऑनलाइन ठगी करते हैं। बहुत से लोग तो ठगी का शिकार होने के बाद पुलिस को सूचना भी नहीं देते। इस तरह की ठगी करने वाले लोगों पर पुलिस निगाह रखे हैं। पुलिस ऐसे लोगों के बारे में जानकारी कर रही है जो बहुत जल्द अमीर बने हैं। कुछ लोग निगाह में भी आए हैं जो बहुत जल्द अमीर हुए हैं। ऐसे लोगों की सूची बनाई जा रही है। एसपी देहात ने बताया कि इस तरह से अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों पर गैंगस्टर और जब्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें