Mathura News: जनजागरुकता रैली निकाली, गंदगी मिलने पर 50 हजार का जुर्माना
Mathura News: कृष्णा नगर क्षेत्र में रैली के माध्यम से दुकानदारों व राहगीरों को किया जागरूक -कृष्णा नगर क्षेत्र में रैली के माध्यम से दुकानदारों व राहगीरों को किया

Mathura News: हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है..अभियान के अंतर्गत बुधवार को कृष्णा नगर मार्केट एवं कृष्णा नगर रोड को स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से जन-जागरूकता रैली निकाली गयी। रैली के दौरान 18 प्रतिष्ठानों के सामने गंदगी मिलने पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र के साथ नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने रैली में सहभागिता करते हुए नागरिकों एवं व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। रैली नगर निगम मथुरा-वृंदावन के भूतेश्वर मुख्यालय से प्रारंभ होकर कृष्णा नगर तक निकाली गई। रैली में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, आईईसी वॉलिंटियर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सफाई मित्र एवं कार्यदायी संस्थाओं के कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। अभियान के दौरान 18 छोटे एवं बड़े दुकानदारों के प्रतिष्ठानों के सामने गंदगी पाए जाने पर₹50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम की टीम द्वारा दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए समझाया गया। दुकानदारों से अपील की गई कि वे दुकानों के सामने गंदगी न करें, आसपास स्वच्छता बनाए रखें, नालियों एवं नालों में कूड़ा न डालें तथा किसी अन्य व्यक्ति को भी गंदगी करने से रोकें। चेतावनी दी गई कि स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना एवं नियमानुसार अन्य कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम द्वारा नागरिकों एवं व्यापारियों को स्वच्छता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। पंपलेट के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने, खुले स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने, नालियों में कूड़ा न डालने, अतिक्रमण से बचने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने सहित स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई。
रोको-टोको के माध्यम से किया जागरूक
रैली के दौरान रोको-टोको अभियान के माध्यम से नागरिकों एवं व्यापारियों को खुले में कूड़ा न फेंकने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न करने, नालियों एवं नालों में कूड़ा न डालने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया गया। व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखने तथा कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान एवं नगर निगम के अधिकृत कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही डालने की अपील की गई। दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने गीले एवं सूखे कचरे के लिए दो अलग-अलग डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने तथा दुकान पर आने वाले ग्राहकों को भी कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

