चांदी कारोबारी की घर में घुस हत्या कर, लूट
Mathura News - घनी आबादी वाले लाल दरवाजा क्षेत्र में वारदात से खलबली -काफी देर तक न जागने पर किरायेदार ने जाकर देखा -कमरे का दरवाजा बाहर से था बंद, मृत पड़ा था कारोब

थाना गोविंद नगर अंतर्गत शहर की घनी आबादी वाले लाल दरवाजा क्षेत्र में चांदी कारोबारी के यहां लूट कर हत्या की घटना से सनसनी फैल गयी। मौके पर व्यापारियों का जमघट लग गया। कनपटी पर छेद मिलने की वजह से गोली मारकर हत्या करने की आशंका है। बुलेट न मिलने से पुलिस एक्स-रे करा रही है। एसपी सिटी ने मौका मुआयना कर खुलासे में छह टीमें लगाई हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से जांच को नमूने लिए हैं, जबकि पुलिस टीमें सर्विलांस, लोकल इंटेलीजेंस की मदद से हत्यारोपियों की तलाश कर रही हैं। शक के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शहर के घनी आबादी वाले तेलीपाड़ा, लाल दरवाजा, गोविंद नगर निवासी सतीश चंद्र गर्ग (62) घर पर ही ग्राउंड फ्लोर पर बने कमरे में गद्दी डाल कर चांदी के रॉ-मैटेरियल व चांदी की पायल का कारोबार करते थे। बराबर में बने कमरे में किरायेदार, प्रथम तल पर कारोबारी खुद रहते थे। उसके ऊपर दूसरी मंजिल पर भी किरायेदार रहता है। शनिवार शाम करीब चार-पांच बजे गददी से काम करने के बाद अपने कमरे में चले गये। रविवार सुबह करीब दस बजे तक चांदी कारोबारी के जाग कर न आने से किरायेदार ने ऊपर जाकर देखा तो कमरे की बाहर से कुंडी लगी देखी। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर दोपहर करीब 12 बजे कमरा खोलकर देखा दो चांदी कारोबारी खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा थे। इसकी सूचना किराएदारों ने पुलिस को दी। चांदी कारोबारी की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में सनसनी फैल गयी तो व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर व्यापारियों व आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, सीओ सिटी आशना चौधरी ने मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली। इस दौरान फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंच जांच की। टीम ने जांच को साक्ष्य-नमूने कलेक्ट किये तो डॉग स्क्वायड ने भी इधर-उधर घूम कर तलाश की। बताते हैं कि रजाई हटाकर देखा तो चांदी कारोबारी के कनपटी पर पतला छेद था, इससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी साइलेंसर युक्त असलाह से गोली मारकर हत्या की है, वहीं पास ही नुकीला पेचकस भी पड़ा था तो कमरे में शराब की बोतल भी मिली। पुलिस ने नीचे कारोबारी की गद्दी का ताला खुलवाकर चेक किया तो उसकी अलमारी खुली थी। नकदी, पायल की थैली पड़ी थी। एसी सिटी ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना के खुलासे के लिये थाना पुलिस के अलावा सर्विलांस, स्वॉट समेत छह टीमें लगाई गयी हैं। घटना का जल्द खुलासा कराया जायेगा। -- इंसेट- वीडियोग्राफी के मध्य पैनल से कराया पोस्टमार्टम चांदी कारोबारी की हत्या के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। उसका वीडियोग्राफी के मध्य चिकित्सीय पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन उसके शरीर में बुलेट नहीं मिली है। इसको लेकर पुलिस ने जिला चिकित्सालय में एक्सरे कराने को शव भिजवा दिया है। इंसेट- अलमारी के पास नकदी, पायल की थैली मिली घटना के बाद पुलिस टीम ने नीचे चांदी कारोबारी की गददी वाले कमरे/दुकान का ताला खुलवाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी। काउंटर के समीप ढाई लाख रुपये की नकदी, अलमारी में चांदी की पायल से भरी थैलियां रखी थीं। वहीं दूसरी ओर मृतक के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्यारोपी घटना को अंजाम देने के बाद बाहर से कुंडी लगाकर चला गया। इंसेट- पत्नी की हो चुकी है मौत, तीन बेटे रहते हैं बाहर बताते चलें कि मृत चांदी कारोबारी सतीश चंद्र गर्ग (62) तेलीपाड़ा, लाल दरवाजा स्थित अपने मकान से ही चांदी कारोबार करते थे। उनके नीचे गद्दी थी। उनकी पत्नी रजनी की तीन साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गयी थी, वहीं उनके तीन बेटे हैं। इनमें मुकुल पुणे में रहता है तो मयंक और अभिषेक परिवार के साथ नोएडा में रहते हैं। मकान के नीचे व ऊपरी मंजिल पर किरायेदार रहते आ रहे हैं। बीच में बने कमरों में वह रह रहे थे। इंसेट- कनपटी में छेद गोली का या नुकीली वस्तु का घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया तो बिस्तर पर सो रहे चांदी कारोबारी की कनपटी के समीप छेद था। बताते हैं कि दो एमएम का छेद होने से आशंका जताई गयी कि पिस्टल से गोली मारकर हत्या की गयी है, लेकिन पास ही नुकीला पेचकस मिला है। पुलिस को शरीर से बुलेट नहीं मिल सका है। इसको लेकर अभी तक पुलिस हत्या किसी नुकीली वस्तु से की या गोली लगी इसकी तह तक नहीं जा सकी है। एक्सरे के माध्यम से जानकारी हो सकेगी। इंसेट-- नजदीकी द्वारा हत्या करने की आशंका, जो मिला वो ले गया मथुरा। पुलिस का मानना है कि चांदी कारोबारी की हत्या व लूट की वारदात के पीछे किसी नजदीकी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। इसके पीछे कई अहम सवाल हैं। बताते हैं गद्दी की अलमारी का एक लॉक लगा था, जबकि उसमें तीन लॉक थे। नकदी चांदी की पायल भी मिलीं। अलमारी की चाबी कारोबारी के कमरे में मिली। इससे आशंका जताई जा रही है कि लूट करने वाला कोई नजदीकी है, जो कारोबारी के घर में आसानी से जाता रहा होगा तो उसे अलमारी की चाबी की भी जानकारी थी। बताते चलें कि अलमारी खुली मिली थी और पास ही करीब ढाई लाख रुपये की नकदी और अलमारी में चांदी सुरक्षित रखी मिली। पुलिस को शक है कि किसी नजदीकी ने हत्या हत्या की है। इसके बाद उसे जो मिला वह लूटकर फरार हो गया। पुलिस कुछ व्यापारियों के यहां काम करने वाले आधा दर्जन कर्मचारियों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। -- इंसेट-- मोबाइल की लोकेशन से पकड़ में आ सकेगा शातिर हत्यारोपी की तलाश में पुलिस टीमें हर एंगल से जांच कर रही हैं। बताते हैं कि मकान वाली गली और मकान में सीसी टीवी कैमरे नहीं हैं। पुलिस उसके गली के बाहर आसपास लगे सीसी टीवी फुटेज के साथ ही चांदी कारोबारी के मोबाइल की सीडीआर निकालने के साथ ही उसकी लोकेशन के आधार पर पुलिस तलाश कर रही है। आरोपी मोबाइल की सीडीआर और लोकेशन के माध्यम से पकड़ में आने की संभावना है। पुलिस टीम लोकेशन के आधार पर पीछा कर रही है। वर्जन- चांदी कारोबारी की लूट-हत्या की घटना को किसी एक परिचित व्यक्ति द्वारा किये जाने की आशंका है। उनकी कनपटी पर पतला छेद है वह गोली का प्रतीत नहीं हो रहा है। उसकी गद्दी से नकदी व चांदी सुरक्षित मिली है। हत्या के बाद उसे जो मिला वह लेकर भाग गया है। खुलासे को छह पुलिस टीमें हर एंगल से जांच कर हत्यारोपी की तलाश में जुटी हैं-राजीव कुमार सिंह, एसपी सिटी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




