पालिका के निर्माण कार्य के खिलाफ दुकानदारों ने किया हंगामा
Mathura News - कोसीकलां में दुकानदारों ने नाले को ढकने के लिए लगाए गए मोटे सीमेंट के ढक्कनों के खिलाफ हंगामा किया। दुकानदारों का आरोप है कि ढक्कनों के कारण दुकानें खोलने में परेशानी हो रही है और जलभराव की समस्या बढ़ रही है। पालिका अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझाया और ढक्कन हटवाने का आश्वासन दिया।

नगर पालिका परिषद द्वारा नाले को ढकने के लिए लगाए सीमेंट के मोटे ढक्कनों के विरोध में दुकानदारों ने हंगामा करते हुए जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे पालिका अधिकारियों ने दुकानदारों को समझाकर ढक्कन हटवाए, तब जाकर स्थिति शांत हुई। बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा कोसीकलां में विभिन्न स्थानों पर नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। हाल ही में पंजाबी बाजार में दोनों ओर नए नाले बनाए गए। गत रात में पालिका प्रशासन ने नाले ढकने के लिए करीब आठ इंच मोटे सीमेंट के ढक्कन लगा दिए। बुधवार सुबह जब दुकानदार दुकानें खोलने पहुंचे तो ढक्कनों के कारण शटर के ताले दबे होने से उनमें आक्रोश फैल गया।
उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नाले सड़क से ऊंचे बनाए गए हैं, जिससे जलभराव की समस्या बनी रहती है। ऊपर से ढक्कनों के कारण दुकानों तक पहुंच भी बाधित हो रही है, जिसे उन्होंने व्यापारियों का उत्पीड़न बताया। विरोध के दौरान दुकानदार एकजुट होकर घंटाघर चौराहे पर पहुंचे और नारेबाजी की।सूचना पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बाद में लेखाधिकारी योगेन्द्र शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ढक्कनों को हटवाने के निर्देश दिए एवं व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस दौरान अशोक अग्रवाल, योगेन्द्र जैन, सुनील कुमार, भोलू खान, सत्तन हलवाई, अलीशेर, शैलेश सिंघल, चीनू सिंघल आदि रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


