
संशोधित-हॉस्पिटल के सिक्योरिटी गार्ड ने मजदूर को पीटा
Mathura News - -हॉस्पिटल के बाहर फुटपाथ पर बैठा हुआ था-हॉस्पिटल के बाहर फुटपाथ पर बैठा हुआ था -स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया तो धमकाया -पुलिस मामले की जांच में जुट
थाना वृंदावन क्षेत्र के अंतर्गत छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर स्थित एक हॉस्पिटल के बाहर फुटपाथ पर बैठे 40 वर्षीय व्यक्ति को सुरक्षा गार्डों ने डंडों से पीट डाला। बताया गया है कि पीड़ित व्यक्ति मजदूर वर्ग से है और उपचार या किसी परिजन की जानकारी के लिए अस्पताल के पास बैठा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रविवार की शाम छटीकरा मार्ग स्थित एक हॉस्पिटल के बाहर फुटपाथ पर बैठे एक 40 वर्षीय व्यक्ति को कुछ सुरक्षा गार्ड पीट रहे थे। यह देख आसपास के लोगों ने इसका विरोध किया तो सुरक्षा गार्डों ने उनसे भी अभद्रता करते हुए धमकी दी कि यदि कोई बीच में आया तो उसे भी पीट दिया जाएगा।

तभी किसी ने तत्काल यूपी डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीआरवी टीम को देखते ही मारपीट करने वाला सिक्योरिटी गार्ड मौके से भाग निकला। पुलिसकर्मी मौके से सिक्योरिटी ऑफिसर और पीड़ित व्यक्ति को अपने साथ पुलिस चौकी ले जाकर पूछताछ की। पीड़ित का नाम कमल चंद निवासी कानपुर देहात है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासी राहुल यादव ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड ने किसी गरीब व्यक्ति के साथ मारपीट की हो। उनके अनुसार हॉस्पिटल के सिक्योरिटी गार्ड आए दिन गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों को बुरी तरह पीटते हैं। आज जिस व्यक्ति को पीटा गया, वह भी मजदूरी करने वाला था। पुलिस को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इस बार वे दर्जनों पड़ोसियों के साथ एसएसपी से मुलाकात कर लिखित शिकायत देंगे, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




