अवैध रूप से संचलित धर्मकांटे को किया सील
मथुरा। राजमार्ग के सहारे अवैधरूप से संचालित 150 टन तक की तोल करने वाले धर्मकांटे को बांट माप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक अनुराग कुशवाह ने सील कर दिया।...
मथुरा। राजमार्ग के सहारे अवैधरूप से संचालित 150 टन तक की तोल करने वाले धर्मकांटे को बांट माप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक अनुराग कुशवाह ने सील कर दिया। जांच टीम को धर्मकांटा संचालक कोई अनुमति पत्र नहीं दिखा सका।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर ताज मिड वे फ्यूल पेट्रोल पंप के निकट अवैध रूप से संचालित हो रहे श्रीराम धर्मकांटे को बांट माप विभाग की टीम ने शनिवार को सील कर दिया। इस बारे में जानकारी देते हुए बांट माप विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक अनुराग कुशवाह ने बताया कि 150 टन तक की तोल क्षमता वाले धर्मकांटे को चेक किया तो वहां घनश्याम नामक कर्मचारी कांटा संचालित करता हुआ मिला। कांटे पर विभागीय मुहर भी नहीं थी। बांट माप विभाग में धर्मकांटा पंजीकृत भी नहीं था। इसके बाद भी वह धड़ल्ले से तोल कर उन्हें वजन की प्रमाणित पर्चियां भी वितरित कर रहा था। उन्होंने बताया कि कांटे पर ट्रकों में लोड होकर आने वाला लोहा, बजरी आदि भारी सामान की तोल कर प्रमाणित पर्ची दी जाती थी। मौजूद कर्मचारी ने बताया कि धर्मकांटा हरीश नामक व्यक्ति का है। वरिष्ठ निरीक्षक ने बताया कि मौके पर कांटा संचालित करने के वैध कागजात नहीं मिलने पर उसे अग्रिम आदेश तक के लिए सील कर दिया गया है। धर्मकांटा संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। धर्मकांटा संचालक जब तक उसे विभाग से प्रमाणित नहीं करा लेता, तब तक उसे धर्मकांटा संचालित नहीं करने दिया जाएगा।