Mathura News: मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान दिखे लोग
Mathura News: वृंदावन नगर निगम के जनसुनवाई में जनता ने सीवर जाम, जलभराव और पेयजल संकट को लेकर गुस्सा व्यक्त किया। अधिकारियों ने केवल आश्वासन दिया, जबकि उपसभापति ने समस्याओं को उठाया। जलकल विभाग ने तीन दिनों में समाधान का आश्वासन दिया है, लेकिन लोगों की उम्मीदें कार्रवाई पर टिकी हैं।

Mathura News: वृंदावन, नगर निगम के वृंदावन जोनल कार्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव दिवस जनसुनवाई में जनता का गुस्सा देखने को मिला। सीवर जाम, जलभराव, पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, लेकिन मौके पर जनता को आश्वासन ही दिया गया। निगम उपसभापति मुकेश सारस्वत भी कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने क्षेत्र की समस्याएं उठाईं। उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देने में व्यस्त हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
वहीं जलकल विभाग के एई अनूप सूद ने भरोसा दिलाया कि तीन दिनों के भीतर शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में विभागीय टीमें भ्रमण कर सीवर, जलभराव और पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान करेंगी। बारिश के मौसम में बढ़ी दिक्कतों को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। अब लोगों की निगाहें नगर निगम के दावों पर नहीं, बल्कि धरातल पर होने वाले काम पर टिकी हैं।


