ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के गांव गांठौली में बिजली विभाग ने लापरवाही बरतते हुए बच्चों को बकाया नोटिस थमाए। यहां कैंप लगाकर समस्याएं भी सुनी गईं और डोर-टू-डोर संपर्क भी किया गया। फरह क्षेत्र में आठ स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई।
शासन के निर्देश पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में गोवर्धन डिवीजन के गांव गांठौली में विभाग ने कैंप लगाया। क्षेत्रीय एसडीओ, जेई की उपस्थिति में कैंप लगा। समस्याएं सुनी गईं और निस्तारण कराने का प्रयास किया गया। स्टाफ द्वारा बकाया वसूली के लिए नोटिस भी दिए गए। क्षेत्रीय इंजीनियरों की अनदेखी के चलते कर्मचारियों ने ऊर्जा मंत्री के गांव में बच्चों को बकाया नोटिस थमाए। इससे स्पष्ट है कि खाना-पूर्ति हो रही है। जिम्मेदार व्यक्ति को नोटिस देकर बकाया बिल जमा करने की अपील करनी चाहिए थी।
इधर एसई विनोद कुमार कृष्णानगर बिजलीघर पहुंचे और एक-दो उपभोक्ता समस्या लेकर आए थे। एक्सईएन सचिन गुप्ता, एसडीओ रमेश सोनी द्वारा समस्या का निस्तारण कराया गया। शहरी क्षेत्र में समस्या कम देखने को मिलीं। देहात के दलौता, धनौता, कोसी, भरनाकलां के कुंजेरा, फरह आदि क्षेत्रों में बिजली कर्मचारियों ने बकाया वसूली को अभियान चला। कैंप लगाया। बकाएदारों से बकाया राशि जमा करने की अपील की गई। एसई विनोद कुमार ने बताया कि शहर एवं देहात में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण कराया गया। बकाएदारों के घरों पर दस्तक दी जा रही है।
मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। पता लगाया जा रहा है कि किसी भी बच्चे को विद्युत बकाए का नोटिस क्यों थमाया गया था। इस तरह का नोटिस घर के जिम्मेदार व्यक्ति को दिया जाना चाहिए था। बच्चे को नोटिस थमाने के मामले में रिपोर्ट मांगी गई है।
-विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता देहात