लठामार-लडडू होली: होली परंपरा को बदनाम करने वालों पर शिकंजा, मुकदमा
Mathura News - मथुरा पुलिस ने विश्व प्रसिद्ध लट्ठामार-लड्डूमार होली के पुराने वीडियो क्लिप वाइरल कर सदियों पुरानी परंपरा को बदनाम करने का प्रयास करने वाले नौ लोगों

मथुरा पुलिस ने विश्व प्रसिद्ध लट्ठामार-लड्डूमार होली के पुराने वीडियो क्लिप वायरल कर सदियों पुरानी परंपरा को बदनाम करने का प्रयास करने वाले नौ लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर वीडियो वायरल करने वालों की तलाश कर रही है। सोशल मीडिया पर हर कोई यूं ही वीडियो क्लिप उठा कर वायरल कर देता है। हाल ही में बरसाना की लठामार और नंदगांव की लडडूमार होली हुई है। इस दौरान काफी लोगों ने सोशल मीडिया पर ब्रज की होली की पांच हजार वर्ष पुरानी परंपरा को बदनाम करने को लेकर पुराना वीडियो के आंशिक अंश को वायरल किया है।
इससे समाज में सही संदेश नहीं जा रहा है। इनको देख कर क्षेत्र के लोगों में भी आक्रोश भड़क गया। मामला पुलिस के संज्ञान में आने पर एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने मामले की जांच कराई। इस दौरान बरसाना पुलिस द्वारा जांच कराई गयी तो पुलिस ने पाया कि कुछ सोशल मीडिया इन्फलूएंसर द्वारा बरसाना व नन्दगांव की होली की पुरानी वीडियो की कुछ क्लिप को एडिट कर वीडियो वायरल की है। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि वीडियो वायरल करने वाले सोशल मीडिया एकाउंट होल्डरों द्वारा भ्रामक वीडियो के कारण क्षेत्र में भ्रम, अफवाह तथा सामाजिक वैमनस्य की स्थिति उत्पन्न हो रही थी तो महिलाओं में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है। इतना ही नहीं सामाजिक तनाव-अफवाह की स्थिति बन सकती है। बरसाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले नौ लोगों के खिलाफ धारा 196 (2)/353(2) बीएनएस व 67/67ए आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इनकी तलाश की जा रही है। इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। इंसेट- पुराने वीडियो क्लिप किये थे वायरल एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि ब्रज में 24 फरवरी से होली त्योहार प्रेम, शांति, श्रद्धा व सौहार्द पूर्वक मनाया जा रहा है। बरसाना, नंदगांव से लेकर अन्य स्थलों पर होने वाली होली-हुरंगा में देश भर से लाखों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर होली का आनंद लिया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंताजामात किये। एंटी रोमियो, दंगा दमन दल लगाया गया। सभी जगह होली शांति पूर्वक मनी। किसी श्रद्धालु द्वारा किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की गयी, लेकिन देखने में आया कि कुछ सोशल मीडिया एकाउंट्स इन्फ्लुएंसरों द्वारा पुराने वीडियो जो पूर्व से ही विभिन्न प्लेटफार्म पर उपलब्ध थे उन्हें इस वर्ष की होली से जोड़ कर भ्रामक नरेटिव प्रसारित किया गया है। यह ब्रज की विश्व प्रसिद्ध सांस्कृतिक पहचान को धूमिल करने का प्रयास है। स्पष्ट करना है इस वर्ष की होली में इस प्रकार महिला उत्पीड़न की कोई शिकायत हुई न पुष्टि हुई है। 230 सीसी टीवी से निगरानी की गयी। किसी श्रद्धालु को कोई असुविधा हो तो 112 या निकटतम पुलिस स्टेशन पर सूचना दे सकता है। ब्रज में होली उत्सव उल्लास के साथ शांतिपूर्वक तरीके से मनाया जा रहा है। भ्रामक, असत्य सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित कर जन भावनाओं को आहत करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ब्रजवासियों ने भी इस कृत्य की निंदा की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



