नौहझील में धूमधाम से हुई लठामार, हुरियारों पर बरसीं लाठियां

Feb 28, 2026 09:02 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मथुरा
share Share
Follow Us on

Mathura News - नौहझील में लठामार होली का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। ठाकुर राधा श्याम सुंदर मंदिर के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में हुरियारे और हुरियारिनों ने कृष्ण-राधा का रूप धारण कर नगर भ्रमण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ फूलों की होली खेली गई।

नौहझील में धूमधाम से हुई लठामार, हुरियारों पर बरसीं लाठियां

नौहझील। चंदन केसर छिड़कत मोहन अपने हाथ बिहारी, होरी खेलत है गिरधारी-इस पद की परिकल्पना शनिवार को कस्बे में साकार होती नजर आई, जब श्यामसुंदर भगवान राधारानी के साथ होली खेलते दिखे। यहां बड़े धूमधाम से लठामार होली आयोजित हुई। इसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह पुष्प वर्षा एवं हुरियारे व हुरियारिनों ने जमकर नृत्य किया। कस्बा नौहझील में लठामार होली का आयोजन ठाकुर राधा श्याम सुंदर मंदिर के सौजन्य से किया जा रहा है। सुबह 10 बजे ठाकुर श्याम सुंदर की झांकी के साथ कृष्ण रूप में सजे हुरियारे और राधा रूप में सजी हुरियारिनें नगर भ्रमण को निकलीं।

जगह-जगह लठामार होली खेली गई। सजधज कर हाथों में लाठी लिए हुरियारिनें हुरियारों पर प्रेम पगी लाठियां बरसाती नजर आईं, जबकि हुरियारे ढालों से बचाव करते दिखाई दिए। यह दृश्य श्रीकृष्ण और राधारानी की होली को जीवंत करता प्रतीत हुआ। लठामार होली बाजना रोड, अयोध्या कुंज कॉलोनी, बाजना तिराहा, चामड़ चौराहा, होली चौक, थाना रोड, द्रोपदी चौक, रेतिया बाजार होते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम और राधा-कृष्ण के बीच फूलों की होली खेली गई। सायं पांच बजे कार्यक्रम का समापन हुआ। मुख्य अतिथि अनिल अग्रवाल ने कहा कि ब्रज की पुरातन परंपराओं को जीवंत रखने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। लठामार होली समिति अध्यक्ष विनोद शर्मा, मेला अध्यक्ष जवाहर कटारा, ईश्वर चंद्र शास्त्री, गणेश जिंदल, राजू गुप्ता सरपंच, पूरन पाठक, यज्ञदत्त गुप्ता, ओमप्रकाश पाठक, बिट्टू जिंदल, विजय पाठक, अनिल शर्मा, संतोष भारद्वाज, मूलचंद पाठक सहित हजारों लोग मौजूद रहे। समिति ने सभी आगंतुकों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।