संयुक्त आयुक्त वाणिज्यकर इंदिरा गुप्ता की बुखार से मौत
वाणिज्य कर विभाग की संयुक्त आयुक्त इंदिरा गुप्ता की सोमवार सुबह बुखार के चलते मृत्यु हो गई। इससे वाणिज्यकर कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों में शोक व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही अधिकारी और...
वाणिज्य कर विभाग की संयुक्त आयुक्त इंदिरा गुप्ता की सोमवार सुबह बुखार के चलते मृत्यु हो गई। इससे वाणिज्यकर कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों में शोक व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी उनके आवास पर पहुंच गए। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।
जनपद में वाणिज्यकर विभाग की संयुक्त आयुक्त इंदिरा गुप्ता (57) वर्ष विगत दो वर्ष से यहां तैनात थीं। वे अपने मृदुल व्यवहार से न सिर्फ अधीनस्थ अधिकारी कर्मचारियों में बल्कि व्यापारी वर्ग में भी लोकप्रिय थीं। वह शहर के ही अशोका हाइट्स में रहती थीं। जानकारी के अनुसार 4-5 दिन से वह वायरल बुखार से पीड़ित थीं और उपचार करा रहीं थीं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें पुन: अस्पताल दिखाने के लिए जाना था। इसके लिए उन्होंने अपने कुछ अधीनस्थ अधिकारियों को सहयोग के लिए साथ चलने के लिए सुबह बुलाया था। लेकिन उन अधिकारियों के पहुंचने के ठीक पहले ही उनकी तबियत बिगड़ने लगी। उन्हें घर पर ही दवा दी गई और फिर अधिकारियों के घर पहुंचते ही उन्हें नयति अस्पताल ले गए। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर उनके परिजनों सहित विभाग में शोक व्याप्त हो गया। उनके पति एके गुप्ता व्यवसाई हैं। उनके एक बेटा और एक बेटी है। बेटा जयपुर में तो बेटी दिल्ली की एक मल्टीनेशनल कम्पनी में नौकरी कर करती है। बेटी का विवाह भी हो चुका है। उनके परिजन कानपुर में रहते हैं जो सूचना मिलने पर यहां पहुंच गये। मंगलवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनकी अंतिम इच्छा थी उनका अंतिम संस्कार ब्रज में ही हो।