
इस्कॉन संस्थापक आचार्य को मिला ‘विश्वगुरु’ सम्मान उडुपी श्रीकृष्ण को समर्पित
Mathura News - उडुपी श्रीकृष्ण मठ में विश्व गीता पर्याय के तहत श्रीकृष्ण समर्पणोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इस्कॉन के संस्थापक आचार्य एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को विश्वगुरु सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में कई प्रमुख संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यह समारोह पुत्तिगे श्रीकृष्ण मठ एवं इस्कॉन बेंगलुरु के सहयोग से आयोजित हुआ।
उडुपी श्रीकृष्ण मठ में चल रहे विश्व गीता पर्याय के तहत रविवार को उडुपी के राजांगण में श्रीकृष्ण समर्पणोत्सव का भव्य आयोजन किया। इसमें महाकुंभ मेला 2025 के दौरान इस्कॉन के संस्थापक आचार्य एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को प्रदत्त विश्वगुरु सम्मान को उडुपी श्रीकृष्ण के चरणकमलों में श्रद्धापूर्वक समर्पित किया गया। यह समारोह पुत्तिगे श्रीकृष्ण मठ एवं इस्कॉन बेंगलुरु के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम पुत्तिगे श्रीकृष्ण मठ, उडुपी के पीठाधीश सुगुणेन्द्र तीर्थ स्वामी एवं उनके शिष्य सुत्रीन्द्र तीर्थ स्वामी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर हरिद्वार के निरंजनी अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अध्यक्षता मधु पंडित दास, चेयरमैन एवं मेंटर, ग्लोबल हरे कृष्ण मूवमेंट, चेयरमैन अक्षय पात्र फाउंडेशन तथा अध्यक्ष इस्कॉन बेंगलुरु ने की। इस अवसर पर चंचलापति दास, वाइस चेयरमैन एवं सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, इस्कॉन बेंगलुरु समूह के वरिष्ठ प्रचारक सहित देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद द्वारा प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेला 2025 के दौरान इस्कॉन के संस्थापक आचार्य एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को विश्वगुरु की उपाधि से सम्मानित किया था। कैलाशानंद गिरी महाराज सहित विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वरों ने सनातन धर्म एवं मानवता के लिए उनका योगदान अद्वितीय बताते हुए यह सम्मान प्रदान किया। श्रीकृष्ण समर्पणोत्सव का आयोजन सुगुणेन्द्र तीर्थ स्वामी के मार्गदर्शन में हुआ, जिन्होंने गत वर्ष ऐतिहासिक रूप से चौथी बार पर्याय पीठ का आरोहण किया। उनके पर्याय काल में गीता उत्सव, सुवर्ण रथ यात्रा सहित अनेक आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहलें प्रारंभ की गई हैं, जो पंच प्रधान योजनाओं का हिस्सा हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




