कालाबाजारी को ले जाया जा रहा लाखों रुपये का सरकारी राशन का चावल पकड़ा
Mathura News - पूर्ति विभाग और पुलिस ने राशन की कालाबाजारी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बरेली-जयपुर हाइवे एवं सदर बाजार क्षेत्र में कार्रवाई की है।

मथुरा, पूर्ति विभाग और पुलिस ने राशन की कालाबाजारी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बरेली-जयपुर हाइवे एवं सदर बाजार क्षेत्र में कार्रवाई की है। टीम ने कालाबाजारी को ले जाए जा रहे सरकारी चावल के 565 कट्टे बरामद किए हैं। इन चावलों को ट्रक और पिकअप में भरकर कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था। इसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। राया पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक को रोका। चेकिंग के दौरान इसमें चावल की बोरियां भरी मिलीं। इसकी सूचना जिला पूर्ति अधिकारी संजीव कुमार सिंह को दी। डीएसओ के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार मय टीम के पहुंचे और जांच की।
इसकी सूचना एआरओ नरेन्द्र सिंह को भी दी गई। ट्रक की तलाशी लेने पर तिरपाल के नीचे छिपाई गई कुल 465 प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं, जिनमें करीब 50 से 55 किलो ग्राम प्रति बोरी के हिसाब से चावल भरा हुआ था। अधिकारियों द्वारा जांच करने पर पाया गया कि बोरियों की सिलाई हाथ से की गई थी और उसमें भरा अनाज सार्वजनिक वितरण प्रणाली यानि पीडीएस का फोर्टीफाइड चावल था। पूछताछ के दौरान ट्रक चालक बनै सिंह ने स्वीकार किया कि वह इसको हाथरस से लोड कर दिल्ली ले जा रहा था, ताकि वहां इसे ऊंचे दामों पर बेचकर कालाबाजारी की जा सके। चालक ने इस पूरे खेल में हाथरस निवासी संजू लाला उर्फ संजय और लक्ष्मण वर्मा की संलिप्तता की बात भी कबूली है। मौके पर चावल से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश न कर पाने के कारण विभाग ने इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 का स्पष्ट उल्लंघन माना है। वर्तमान में बरामद किए गए चावल को सुरक्षित रखने के लिए उचित दर विक्रेता देवेंद्र कुमार जोशी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है, जबकि ट्रक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। विभाग ने चालक बनै सिंह, लक्ष्मण वर्मा संजू लाला के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।वहीं सदर बाजार क्षेत्र में पुलिस ने एक गाड़ी को पकड़ा। इसमें भी चावल भरे हुए थे। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी फूल सिंह यादव और पूर्ति निरीक्षक पवन कुमार ने जांच में पाया गया कि गाड़ी में 100 कट्टे चावल लदे थे, जिनका कुल वजन लगभग 50 क्विंटल था। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह चावल उचित दर विक्रेता गुलफाम की दुकान से निकाला गया था, जिसे ऊंचे दामों पर बेचने के लिए बाजार में ले जाया जा रहा था। चालक सौरभ ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह यह माल मंडी चौराहे से लादकर ले जा रहा था। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक पवन कुमार द्वारा विक्रेता गुलफाम, चालक सौरभ और बिचौलिए राजू के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।वर्जन-राशन की कालाबाजारी रोकने को आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सूचनाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधीनस्थों को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण करते रहें। सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाए, जिससे राशन की कालाबाजारी रोकी जा सके।-संजीव कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मथुरा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


