ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मथुराविश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया का निधन

विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया का निधन

विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया का बुधवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही यहां शोक व्याप्त हो गया। श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान...

विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया का निधन
हिन्दुस्तान टीम,मथुराThu, 17 Jan 2019 01:43 AM
ऐप पर पढ़ें

विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु हरि डालमिया का बुधवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही यहां शोक व्याप्त हो गया। श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के कार्यालय बंद हो गए। जन्मस्थान परिसर की दुकानें शोक स्वरूप बंद कर दी गईं। मंदिर में विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ और कीर्तन शुरू कर दिया गया, जो अंतिम संस्कार होने तक जारी रहा।

डालमिया काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती थे। 13 जनवरी को उन्हें अपोलो अस्पताल से घर ले जाया गया था। बुधवार सुबह 9:38 बजे डालमिया ने दिल्ली के गोल्फ लिंक स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। देश के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल डालमिया श्री कृष्ण जन्मस्थान के प्रबंध न्यासी रहे थे। वह राम जन्मभूमि मार्गदर्शक मंडल के सदस्य भी थे।

उनके निधन की खबर से मथुरा में हिन्दूवादी संगठनों में शोक व्याप्त हो गया। बुधवार को श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा दिल्ली में ही थे। निधन की खबर सुनकर श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वर चतुर्वेदी, विशेष कार्याधिकारी विजय बहादुर, अनुराग पाठक, ब्रज किशोर शर्मा दिल्ली रवाना हो गए। गोपेश्वर चतुर्वेदी ने बताया कि श्री कृष्ण जन्मस्थान की माला प्रसादी और पटका पार्थिव शरीर पर अर्पित किया गया।

अपने सामने मंदिर निर्माण शुरू होता देखना चाहते थे डालमिया

मथुरा। विष्णु हरि डालमिया श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी नेताओं में शामिल थे। वह चाहते थे कि उनके सामने राम मंदिर निर्माण शुरू हो जाए। उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। श्री कृष्ण जन्मस्थान पर भव्य मंदिर निर्माण में भी उनका बड़ा योगदान था।

डालमिया श्री कृष्ण जन्मस्थान के प्रबंध न्यासी भी रहे। राम मंदिर आंदोलन जब अपने चरम पर था, उस समय विष्णु हरि डालमिया ही विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष थे। अयोध्या में विवादित ढांचा टूटने के मामले में जिन लोगों के नाम हैं, उसमें विष्णु हरि डालमिया का नाम भी शामिल था। विहिप के वरिष्ठ नेता और श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वर चतुर्वेदी बताते हैं कि वह राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर देखना चाहते थे। स्वास्थ्य खराब होने पर उनकी इच्छा थी कि उनके सामने राम मंदिर निर्माण शुरू हो जाए, लेकिन यह हो नहीं सका।

पिछले साल हाजिर हुए थे सीबीआई कोर्ट में

अयोध्या में विवादित ढांचा ढहने के मामले में आरोपी लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती आदि के अलावा विष्णु हरि डालमिया का नाम भी शामिल था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व लखनऊ सीबीआई कोर्ट में इस मामले की तारीख पर अस्वस्थ होने के बावजूद डालमिया लखनऊ सीबीआई कोर्ट में पहुंचे थे।

तीन साल से नहीं आए मथुरा

विष्णु हरि डालमिया स्वास्थ्य सही रहने पर वह वर्ष में कई बार मथुरा आते थे। जन्माष्टमी पर वह मथुरा में रहते थे। पिछले तीन वर्ष से स्वास्थ्य खराब रहने के कारण वह मथुरा नहीं आ सके थे, लेकिन फोन पर वह जन्मस्थान के बारे में पूरी जानकारी रखते थे। इसके अलावा यहां से दिल्ली जाने वाले प्रबंध समिति के लोगों से बातचीत करते थे। श्री कृष्ण जन्मभूमि पर पहला मंदिर केशव देव मंदिर बना था। केशव देव मंदिर विष्णु हरि डालमिया के ताऊ रामकिशन डालमिया ने बनवाया था। इसका निर्माण 1957 में शुरू हुआ और 1958 में बनकर तैयार हुआ। इसका उद्घाटन हनुमान प्रसाद पोद्दार ने किया था। बाद में मंदिर पर भीड़ बढ़ने पर इसे भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया और भागवत भवन का निर्माण कार्य 1962 में शुरू हुआ, जो 1982 में बनकर तैयार हुआ। इसके निर्माण में विष्णु हरि डालमिया के पिता जयदयाल डालमिया का बड़ा योगदान रहा। इस निर्माण में विष्णु हरि डालमिया की भी बड़ी भूमिका थी।

1985 में बने अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष

विष्णु हरि डालमिया 1985 में विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। उनके अध्यक्ष बनने के बाद विहिप में मजबूती बढ़ती गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें