क्षतिग्रस्त मकानों व फसलों का होगा सर्वे : डीएम
Mathura News - राहत कैंपों में पहुंच कर बाढ़ पीड़ितों के जाने हालचाल-राहत कैंपों में पहुंच कर बाढ़ पीड़ितों के जाने हालचाल -चिकित्सकों को भी दिए बेहतर उपचार करने के

जिलाधिकारी सीपी सिंह ने तहसील सदर के लक्ष्मी गार्डन मैरिज होम में स्थापित बाढ़ शरणालय स्थल/शेल्टर होम का निरीक्षण किया। बाढ़ प्रभावित परिवारों से वार्ता की तथा सभी का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने राहत कैंप में भोजन, पेयजल, प्रकाश, शौचालय, मेडिकल टीम, विद्युत, जेनरेटर, पंखे, गद्दे, चादर, तकिया आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को बताया कि अब जलस्तर घटने लगा है, कुछ दिनों में सभी चीजें सामान्य हो जाएंगी। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ के पानी के उतरने के उपरांत जिला प्रशासन द्वारा घर-घर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सभी को सुरक्षित उनके घर वापस भेजा जाएगा। किसी को कोई भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
आप सबकी मदद/सहायता के लिए पुलिस-प्रशासन कटिबद्ध है। सरकार द्वारा आपकी सुविधा हेतु सभी चीजें उपलब्ध कराई जा रही हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त मकानों एवं फसलों का सर्वे उपरान्त नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। कोई भी छूटेगा नहीं। लक्ष्मी नगर स्थित सुभाष इंटर कॉलेज में मेडिकल कैंप का अवलोकन किया। उन्होंने डॉक्टर से बीमारों की संख्या पूछी, दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि सभी को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएं। नगर निगम के अधिकारियों को कॉलेज के ग्राउंड की सफाई कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण में उप जिलाधिकारी सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन, उप जिलाधिकारी महावन कंचन गुप्ता, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। बच्चे बोले-बाढ़ के बाद स्कूल जाएंगे मथुरा। जिलाधिकारी ने तहसील महावन के लक्ष्मी नगर स्थित सुभाष इंटर कॉलेज में बाढ़ शरणालय स्थल का निरीक्षण कर बच्चों को लाड़-प्यार (दुलार) किया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि बाढ़ के बाद स्कूल जाओगे, जिस पर सभी बच्चों ने एक सुर में बोला कि हां हम स्कूल जाएंगे। उन्होंने उप जिलाधिकारी महावन कंचन गुप्ता को निर्देश दिए कि बच्चों को दूध, केला, फल, बिस्किट, चॉकलेट आदि दिया जाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




