Mathura News: छह माह से वेतन न मिलने पर ठेका कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार
Mathura News: कई पंपिंग स्टेशन व ट्रीटमेंट प्लांट बंदछह माह से वेतन न मिलने पर ठेका कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कारछह माह से वेतन न मिलने पर ठेका कर्मचारियों ने

Mathura News: नगर निगम मथुरा-वृंदावन में ठेके पर कार्यरत जलकल कर्मचारियों ने छह माह से वेतन न मिलने पर गुरुवार को अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार कर दिया। कर्मचारियों ने कई पंपिंग स्टेशनों एवं एक ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन बंद कर प्रदर्शन किया। इससे सीवरेज एवं अन्य व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि पंप इंजीनियर एंड ट्रेड कंपनी मथुरा द्वारा इन एसटीपी और ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन किया जाता है। इसी निजी संस्था के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों ने इलेक्ट्रीशियन लोकेश सिंह के नेतृत्व में दोपहर बाद कार्य बहिष्कार शुरू किया। कर्मचारियों ने कालीदह पंपिंग स्टेशन, रुक्मिणी बिहार पंपिंग स्टेशन, राजपुर खादर पंपिंग स्टेशन, मांट रोड स्थित 8 एमएलडी ट्रीटमेंट प्लांट तथा दारुक पार्किंग के समीप स्थित पंपिंग स्टेशन का संचालन बंद कर दिया।
प्रदर्शन में पंप ऑपरेटर, सफाई कर्मचारी, इलेक्ट्रीशियन, मेंटेनेंस फिटर एवं माली सहित करीब 20 से 22 कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले लगभग छह माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है और आर्थिक संकट गहरा गया है।कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी की ओर से उन्हें प्रतिमाह लगभग आठ से दस हजार रुपये मानदेय दिया जाता है, लेकिन लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान नहीं होने पर उनका आंदोलन आगे भी जारी रह सकता है। कार्य बहिष्कार के चलते संबंधित पंपिंग स्टेशनों एवं ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन पर असर पड़ने की संभावना बनी हुई है। कर्मचारियों ने प्रशासन एवं संबंधित कंपनी से जल्द समाधान निकालने की मांग की है।


