प्रियाकान्तजु मंदिर पर हाइड्रोलिक पिचकारी से बरसा टेसू का रंग

Mar 03, 2026 12:37 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मथुरा
share

Mathura News - ठाकुर प्रियाकांतजु मंदिर में सोमवार को सतरंगी होली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने हाइड्रोलिक पिचकारी से टेसू का रंग लिया। देवकीनंदन महाराज ने गुलाल अर्पित कर महोत्सव की शुरुआत की। भक्तों ने होली गीत गाए और लड्डू-जलेबी का प्रसाद प्राप्त किया।

प्रियाकान्तजु मंदिर पर हाइड्रोलिक पिचकारी से बरसा टेसू का रंग

ठाकुर प्रियाकांतजु मंदिर में सोमवार को ब्रज की सतरंगी होली श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। मंदिर में दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं पर हाइड्रोलिक पिचकारी से टेसू का रंग बरसा, इसे देखकर भक्त फागुन की मस्ती में झूम उठे। संस्थापक देवकीनंदन महाराज ने भक्तों के साथ होली खेलते हुए सभी को शुभकामना दीं। सुबह 10 बजे देवकीनंदन महाराज ने मंदिर के गर्भगृह में प्रियाकान्तजु विग्रह को गुलाल अर्पित कर होली महोत्सव का शुभारंभ किया। मंदिर प्रांगण में बने मंच पर राधा-कृष्ण स्वरूपों के साथ गोप-ग्वालों ने ब्रज के रसिया, हास-परिहास और संवादों के साथ होली गीत प्रस्तुत किए, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

फूलों की होली के बाद भक्तों के बीच लड्डू-जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात बरसाने की परंपरा के अनुसार लठामार होली खेली गई। रंग-बिरंगे गुलाल से पूरा मंदिर परिसर सतरंगी हो गया। मंदिर की अट्टालिका से देवकीनंदन महाराज ने जब टेसू का रंग बरसाया तो भीनी-भीनी खुशबू के बीच श्रद्धालु ‘राधे-राधे’ के जयकारे लगाते हुए नाचने लगे। ‘मेरो खोय गयो बाजूबंद रसिया होरी में’ और ‘मैं तो होरी खेलूं रसभरी प्रियाकान्तजु संग’ जैसे भजनों पर भक्तों ने खूब ठुमके लगाए। इस दौरान देवकीनंदन महाराज ने सनातन बोर्ड की मांग दोहराते हुए कहा कि सनातन त्योहारों, धार्मिक स्थलों और प्राचीन परंपराओं के संरक्षण के लिए सनातन बोर्ड आवश्यक है। उन्होंने कहा कि होली प्रेम का पर्व है, इसे नशामुक्त होकर मनाएं और किसी पर जबरन रंग न डालें। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक, सीडीओ पीके शुक्ला, सचिव विजय शर्मा, देवांश महाराज, रवि रावत, प्रमोद गुप्ता, सतीश गर्ग, वीर सिंह, मुकेश पाण्डेय, योगेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।