
यम द्वितीया पर रोडवेज की बसें कम पड़ी,डग्गेमारों ने काटी चांदी
Mathura News - भाई दूज के त्योहार पर बहनों में उत्साह देखने को मिला। बहनें अपने भाइयों को दौज खिलाने के लिए निकलीं, लेकिन जाम और वाहनों की कमी के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी के...
नगर एवं ग्रामीण अंचल में भाई-बहन के प्यार के प्रतीक भाई दूज के पवित्र त्योहार पर गुरुवार को बहनों में खासा उत्साह देखने को मिला । गुरुवार को सुबह से ही अपने निजी और प्राइवेट वाहनों से अपने भाई को दौज खिलाने के लिए निकली बहनों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। यात्रियों की भीड़ के आगे रोडवेज की बसें कम पड़ी। इसका फायदा डग्गामार वाहन संचालकों ने जमकर उठाया। वहीं जगह जगह जाम से बहनों को अपने भाई के तिलक करने के लिए कई कई घंटे की देरी से पहुंचना पड़ा। जनपद का ग्रामीण क्षेत्र हो या नगरीय क्षेत्र गुरुवार की प्रात: महिलाओं ने अपने-अपने घरों में चौक सजाकर भाई दूज की कहानी सुनाते हुए भाइयों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की मंगल कामना की।

भाइयों ने बहनों को गिफ्ट और रुपये देकर स्नेह का इजहार किया। गुरुवार को गोवर्धन बरसाना मार्ग पर वाहनों का लम्बा जाम नींवगांव पर दिखाई दिया। एक एक घंटे में नींवगांव का रेलवे फाटक वाहनों को पार करना पड़ा। इस जाम में रोडवेज बसें, टूरिस्ट बसें, निजी वाहन, टेम्पू व अन्य वाहन भी फंसे रहे। जहां पर पुलिस तो तैनात थी लेकिन होटल व ढाबे पर बैठकर पुलिस कर्मी देखते रहें। वृंदावन से छटीकरा राधाकुंड मार्ग पर राधाकुंड रेलवे स्टेशन के फाटक पर जाम लगा रहा। इसके अलावा इसी मार्ग पर राल और छटीकरा में भी जाम के कारण यात्री वाहन फंसे रहे। गोवर्धन चौराहे, मंडी चौराहे पर जाम को खुलवाने के लिए पुलिस फोर्स को काफी पसीना बहाना पड़ा। हालत यह थी कि वाहनों में भीड़ के कारण महिलाओं को डग्गेमार वाहनों में लटकर, रोडवेज बसों में खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। रोडवेज बसों की कमी के कारण डग्गेमार वाहनों ने जमकर चांदी काटी। बहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा लेकिन इससे उनके जोश में कोई कमी नहीं आई। भाइयों के लिए मिष्ठान लेकर जाने के लिए भी गांव व कस्बों के प्रसिद्ध मिठाई लेने के लिए दुकानों पर लाइन लगी रही और मिठाई विक्रेताओं ने जमकर चांदी काटी। जाम के चलते बरसाना के बस अड्डे से रोडवेज की बसें काफी देरी से चल रहीं थी। यहां चाहे रोडवेज की बसें हो या वृंदावन से चलने वाली सिटी बस सेवा की बसें, सभी में चढ़ने के लिए यात्रियों को मारामारी करनी पड़ी। सुबह 11 बजे से 12 बजे तक एक भी बस मथुरा जाने के लिए उपलब्ध नहीं थीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




