Mathura News: पांच्जन्य प्रेक्षागृह में छात्राओं ने ‘मुदरिया प्रेम’ रासलीला का किया मंचन
Mathura News: पांच्जन्य प्रेक्षागृह में छात्राओं ने ‘मुदरिया प्रेम’ रासलीला का किया मंचनपांच्जन्य प्रेक्षागृह में छात्राओं ने ‘मुदरिया प्रेम’ रासलीला का किया मंचन

Mathura News: ब्रज की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा को सहेजने की दिशा में गुरुवार को डैम्पियर नगर स्थित पांच्जन्य प्रेक्षागृह में ‘मुदरिया प्रेम’ रासलीला का मनमोहक मंचन किया गया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संचालित गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन तथा अमरनाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रस्तुति में छात्राओं ने अपने सजीव अभिनय, भावपूर्ण नृत्य और पारंपरिक शैली से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल वाजपेयी, नीता तिवारी, गीता शोध संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. दिनेश खन्ना, अनूप शर्मा, राजेश सिंह वर्मा, महेश पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर लक्ष्मी नागप्पन का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। रासलीला से पूर्व प्रो. दिनेश खन्ना ने छात्राओं को पारंपरिक रासलीला का प्रशिक्षण एवं निर्देशन प्रदान किया। ‘मुदरिया प्रेम’ रासलीला श्रीराधा और श्रीकृष्ण की प्रेममयी लीलाओं पर आधारित है। राधाजी की स्वर्ण मुदरिया के गुम होने से जुड़े मान-मनुहार, हास्य-विनोद और प्रेम प्रसंगों का अत्यंत प्रभावशाली मंचन किया गया। लगभग तीन दर्जन छात्राओं की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और पूरा प्रेक्षागृह तालियों से गूंज उठा।कार्यक्रम का संयोजन चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार ने किया, जबकि डॉ. मांडवी राठौर सह-निर्देशक रहीं। संगीत संयोजन में आकाश शर्मा, मनमोहन कौशिक, सुनील पाठक तथा अमरनाथ विद्या आश्रम के विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा।


