ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मथुरामेट्रो की तर्ज पर मथुरा-वृंदावन के बीच बनेगा ब्रज हेरीटेज मेट्रो कॉरीडोर

मेट्रो की तर्ज पर मथुरा-वृंदावन के बीच बनेगा ब्रज हेरीटेज मेट्रो कॉरीडोर

मथुरा और वृंदावन के बीच मेट्रो की तर्ज पर ब्रज हेरीटेज मेट्रो चलेगी। इस बारे में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और स्थानीय विधायक श्रीकांत शर्मा ने रेल मंत्री पीयूष गोयल से दिल्ली में मुलाकात की और इस योजना...

मेट्रो की तर्ज पर मथुरा-वृंदावन के बीच बनेगा ब्रज हेरीटेज मेट्रो कॉरीडोर
हिन्दुस्तान टीम,मथुराFri, 29 Jun 2018 12:55 AM
ऐप पर पढ़ें

मथुरा और वृंदावन के बीच मेट्रो की तर्ज पर ब्रज हेरीटेज मेट्रो चलेगी। इस बारे में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और स्थानीय विधायक श्रीकांत शर्मा ने रेल मंत्री पीयूष गोयल से दिल्ली में मुलाकात की और इस योजना पर जल्दी ही कार्य कराने का आग्रह किया। रेल मंत्री ने उनकी यह योजना स्वीकार कर ली है।

श्रीकांत शर्मा ने फोन पर हिन्दुस्तान को बताया कि उन्होंने रेल मंत्री को इस बारे में एक पत्र भी सौंपा। श्रीकांत शर्मा ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री को बताया कि यहां करोड़ों श्रद्धालु और तीर्थयात्री हर साल आते हैं लेकिन यहां ढांचागत सुविधाओं, विशेषकर यात्री परिवहन सुविधाओं का अभाव है। इसलिए भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से लीलास्थली वृंदावन तक एक ‘ब्रज हेरीटेज मेट्रो ट्रेन कॉरीडोर विकसित किया जाए। उन्होंने रेल मंत्री को बताया कि वर्तमान में मथुरा और वृंदावन के बीच करीब 15 किमी रेल ट्रैक है, जिस पर रेल बस चलती है। रेल बस की यह सेवा नियमित नहीं है। इसके चलते रेलवे की इस परिसंपत्ति का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है। इस कॉरीडोर को ब्रज थीम के साथ विकसित कर मथुरा-वृंदावन के बीच आधुनिक सुविधाओं से संपन्न नियमित ब्रज हेरीटेज मैट्रो ट्रेन चलायी जाए। शर्मा ने कहा है कि ब्रज हेरीटेज मैट्रो ट्रेन का प्रोजेक्ट मथुरा-वृंदावन रेल लाइन पर ही बनेगा। इस कॉरीडोर को साफ सुथरा और हरियाली से परिपूर्ण बनाया जाएगा।

पलवल तक चलने वाली शटलें मथुरा आएंगी

श्रीकांत शर्मा ने रेल मंत्री से पलवल तक ही आने वाली शटल ट्रेनों में से कुछ ट्रेनों को मथुरा तक चलाने की भी मांग की। उन्होंने रेल मंत्री से कहा कि तीर्थयात्रियों के अलावा मथुरा से हर दिन हजारों लोग काम करने के लिए दिल्ली-एनसीआर जाते हैं। मथुरा से दिल्ली के बीच दिन में नियमित पैसेंजर ट्रेन न होने की वजह से उन्हें परेशानी होती है। ऐसे में सब-अरबन ट्रेन सिस्टम की अवधारणा पर मथुरा से दिल्ली के बीच नियमित रूप से प्रतिदिन हर घंटे ईएमयू पैसेंजर गाड़ी चलाई जाए। वर्तमान में दिल्ली से पलवल तक हर आधे घंटे पर ईएमयू ट्रेन की सुविधा उपलब्ध है। इसका विस्तार मथुरा तक किया जाए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें