
परिवार के दबाव मे शादी, गर्लफ्रेंड ने बातचीत बंद की तो यूनिवर्सिटी बुलाकर मारी गोली, फिर खुद को उड़ाया
संक्षेप: झांसी में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को यूनिवर्सिटी बुलाकर गोली मार दी है। इसके बाद खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। युवक पहले से शादीशुदा है लेकिन पत्नी से अलगाव बताया जाता है। बताया जाता है कि युवक की शादी होने से युवती नराज थी
झांसी में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने किसी बात पर युवक ने पहले एमबीए की छात्रा के सीने में गोली मारी और फिर तमंचे से अपनी कनपटी उड़ा ली। युवक की मौत हो गई। वहीं छात्रा गंभीर रूप से घायल है। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों में सात साल से दोस्ती थी। दोनों शादी करना चाहते थे। इस बीच युवक ने परिवार के दबाव में कहीं और शादी कर ली। इससे नाराज होकर युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी और नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।

ललितपुर के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी कृतिका चौबे (22) बेटी गौरी शंकर चौबे बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में एमबीए फर्स्ट ईयर की छात्रा है। रविवार को उसी के मोहल्ले का रहने वाला मनीष साहू (25) बेटा बिहारी लाल उससे मिलने यूनिवर्सिटी पहुंचा। यूनिवर्सिटी के बाहर दोनों काफी देर तक बातचीत करते रहे। तभी किसी बात पर अनबन होने पर मनीष ने तमंचा निकाला और कृतिका को गोली मार दी। सीने में गोली लगने से वह लहूलुहान हो गई। इसके बाद मनीष ने अपनी कनपटी से तमंचा सटाकर गोली चली दी। जिससे वह भी जमीन पर गिर गया।
दिनदहाड़े हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। सूचना पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी प्रीति सिंह आदि मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज भिजवाया। रास्ते में मनीष की मौत हो गई, जबकि छात्रा का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। एसएसपी ने बताया कि जांच की जा रही है। मामला प्रेम-प्रसंग का प्रतीत होता है। पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। इसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मरने या मारने की नीयत से ही विवि आया था मनीष
दिनदहाड़े हुई घटना अपने पीछे कई सवाल छोड़ गई। युवती से मिलने मनीष तमंचा लेकर क्यों आया था, कई सालों से दोनों में जान-पहचान थी बावजूद इसके किस बात पर वह मरने-मारने पर उतारू हो गया? इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस सिरे से सिरा जोड़ने में जुट गई है। वहीं, घटना के बाद ललितपुर से दोनों के परिजन भी झांसी पहुंच गए।
दिन के करीब सवा दो बजे अचानक गोली चलने की आवाज आई तो राहगीरों के साथ-साथ आसपास के लोग भी सिहर उठे। मौका-ए-वारदात पर युवक-युवती तड़प रहे थे। पास पहुंचे लोगों ने देखा तो रूह कांप उठी। कृतिका के सीने में गोली आरपार थी और मनीष का खोपड़ी का एक हिस्सा बाहर निकला था। सामने की सड़क पर खून फैला था। आनन-फानन में दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां मनीष की मौत हो गई जबकि कृतिका को गंभीर हालत में भर्ती कर लिया गया।
घटना के पीछे दबी जुबान लोगों का कहना था कि युवती मिलने वह तमंचा लेकर क्यों आया था। क्या कोई बात उसको इतनी नागवार लगी थी मरने-मारने पर उतारू हो गया। बहरहाल, पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन जब्त करते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम भी सुबूत जुटाने लगी है। इसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस बोली- प्रेम प्रसंग का लग रहा मामला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि दोनों ललितपुर के रहने वाले हैं। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग का लग रहा है। दोनों बीच पहले अनबन हुई होगी। फिर युवती ने ऐसी घटना को अंजाम दिया। जांच का विषय है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम भी सुबूत जुटाने लगी है। इसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। युवक यूनिवर्सिटी का छात्र नहीं है। वह शायद मिलने आया होगा।
छात्रा की हालत नाजुक रीढ़ की हड्डी में धंसी गोली
झांसी मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि गोली छात्रा के सीने से होकर रीढ़ की हड्डी में धंस गई है। यह क्रिटिकल इंजरी है। सर्जरी कर गोली निकालने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही ऑपरेशन से सफलता प्राप्त होगी।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
दोपहर करीब सवा दो बजे घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ लक्ष्मीकांत गौतम, थाना प्रभारी नवाबाद जेपी पाल, चौकी प्रभारी विश्वविद्यालय सुशील द्विवेदी अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ मौका-ए-वारदात पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील करते हुए साक्ष्य जुटाए। घंटेभर तक आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। मेडिकल कॉलेज सड़क पर यातायात ठहर गया। दोनों तरफ वाहनों की काफी देर तक कतारें लगी गई। घंटेभर बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी जांचे हैं।
विवाहित था मनीष, पत्नी से था अलगाव
मनीष की मां रामसखी ने बताया कि उन्हें बेटे के प्रेम-प्रसंग की जानकारी नहीं है। मनीष का विवाह हो चुका था। बेटे-बहू में तालमेल नहीं बैठा तो दोनों अलग हो गए थे। वह ड्राइवरी करता था। उनके घर की आर्थिक स्थिति भी सही नहीं है।
कई सालों से दोनों एक-दूसरे को जानते थे
ललितपुर के मोहल्ला तालाबपुरा के रहने वाली गौरीशंकर चौबे की 22 साल की बेटी कृतिका बुन्देलखंड यूनिवर्सिटी में एमबीए फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। मोहल्ले के ही निवासी बिहारी लाल के 25 साल के बेटे मनीष साहू से उसकी कई सालों से जान-पहचान थी। यह बात मोहल्ले के लोगों ने बातचीत के दौरान बताई। सूत्रों की मानें तो मनीष हर रविवार कृतिका से मिलने यूनिवर्सिटी आता था। लेकिन यह रविवार दोनों के लिए आखिरी होगा इसका उन्हें भी यकीन न था।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



