आवास विकास की जमीन पर पास हो गया बहुमंजिला इमारत का नक्शा, सवालों के घेरे में ADA के अफसर
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल, आवास विकास की जमीन पर इमारत का नक्शा पास होने का मामला सामने आया है। लोधी विहार योजना-9 के लिए अधिग्रहीत इस जमीन पर नक्शा पास होने के बाद परिषद ने पत्र लिखकर उसे कैंसिल करने की मांग की है।

सत्येन्द्र कुलश्रेष्ठ, अलीगढ़। सरकारी जमीनों की सुरक्षा और विकास प्राधिकरणों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अलीगढ़ में आवास विकास परिषद की जमीन पर बहुमंजिला भवन का नक्शा अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) से पास होने का मामला सामने आया है। जिस जमीन को साल 1972 में लोधी विहार योजना-9 के लिए अधिग्रहीत किया गया था, उसी पर नक्शा स्वीकृत किए जाने को लेकर अब विभागीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। अब आवास विकास परिषद ने एडीए को पत्र लिखकर स्वीकृत नक्शे को तत्काल निरस्त करने और संबंधित मामले में विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। आरोप है कि नक्शा स्वीकृत करने से पहले एडीए के किसी अधिकारी ने मौके पर जाकर भूमि का निरीक्षण तक नहीं किया।
आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता नवजोत सिंह वर्मा के अनुसार अलीगढ़ में परिषद की योजना संख्या-09, लोधी विहार योजना संचालित है। जिसकी धारा-28 की कार्यवाही 23 सितंबर 1972 एवं धारा-32 की कार्यवाही तीन फरवरी 1979 को हुई थी। इस योजना में खसरा संख्या-3752, रकवा-1-14-0 बीघा भूमि अर्जित है। इस भूमि पर उच्च न्यायालय, इलाहाबाद में द्वितीय अपील सख्या उप्र आवास एवं विकास परिषद बनाम अयोध्या प्रसाद विचाराधीन है।
कोल तहसील के कस्बा कोल के खसरा संख्या-3752 कुछ व्यक्तियों द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस खसरे पर निर्माण से संबंधित सूचना खण्ड कार्यालय के सहायक अभियंता और अवर अभियंता द्वारा प्राप्त हुई है कि इस खसरे पर बहुमंजिला बिल्डिंग का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है एवं स्थल पर मौजूद व्यक्तियों के माध्यम से संज्ञान में आया है कि इस भूमि पर बहुमंजिला इमारत निर्माण के लिए मानचित्र अलीगढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत किया गया है।
आवास विकास परिषद के अनुसर संबंधित खसरा यूपी आवास एवं विकास परिषद द्वारा अधिग्रहित भूमि है, जिसकी धारा-28 एवं 32 की कार्यवाही हो चुकी है। नियमानुसार, परिषद द्वारा अधिग्रहित भूमि पर नक्शा स्वीकृत करने का अधिकार उप्र आवास एवं विकास परिषद अधिनियम 1965 के अनुसार परिषद को है, इस स्थल पर कोई भी निर्माण कार्य परिषद द्वारा मानचित्र स्वीकृत होने के बाद ही किया जा सकता है। ऐसे में उक्त खसरे पर कोई भी मानचित्र स्वीकृत न करें। यदि आपके कार्यालय द्वारा पूर्व में कोई मानचित्र स्वीकृत कर दिया गया है, तो उसे तत्काल निरस्त किया जाए।
आर्किटेक्ट से लेकर जेई, एई की संलिप्तता
आवास विकास परिषद की जमीन पर एडीए से नक्शा स्वीकृत होने में आर्किटेक्ट से लेकर एडीए के जेई व एई की संलिप्तता उजागर हो रही है। सवाल खड़ा होता है कि एडीए द्वारा जब मानचित्र स्वीकृत किया गया तो विभाग के स्तर पर स्थलीय निरीक्षण क्यों नहीं किया गया। अगर स्थलीय निरीक्षण नहीं किया जाता है तो अन्य सरकारी भूमि पर एडीए द्वारा इसी तरह का नक्शा स्वीकृत किया जा सकता है।
तहसील की एनओसी पर खड़े हुए सवाल
एडीए में मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए जब आवेदन किया जाता है तो विभागीय अधिकारी मौके पर यह जांच करते हैं कि कोई निर्माण तो नहीं है, वहीं तहसील से एनओसी ली जाती है कि सबंधित आवेदन में जो जमीन दर्शाई जा रही है वह सरकारी जमीन तो नहीं है। ऐसे में तहसील की एनओसी भी सवालों के घेरे में है।
देशभर में सामने आए सैकड़ों मामले
यह मामला केवल अलीगढ़ तक सीमित नहीं है। जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न विकास प्राधिकरणों में पिछले तीन वर्षों के दौरान इस तरह के करीब 450 मामले सामने आए हैं। ऐसे मामलों में सरकारी जमीन, स्वामित्व संबंधी अभिलेखों और नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं। इस मामले में एडीए वीसी कुलदीप मीणा ने बताया कि आवास विकास परिषद द्वारा अर्जित भूमि पर एडीए से मानचित्र कब पास हुआ, किस स्तर पर यह चूक हुई है, इस संबंध में जांच करवाई जाएगी।


