
मनोज तिवारी बालि, रवि किशन केवट और मणिका बनेंगी सीता, फिल्मी सितारों वाली रामलीला के किरदार तय
संक्षेप: अयोध्या में होने वाली सितारों की रामलीला के लिए किरदार तय हो गए हैं। सीता की भूमिका कोई और नहीं बल्कि मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मणिका विश्वकर्मा निभाएंगी। सांसद और अभिनेता मनोज तिवारी बालि और रवि किशन केवट बनेंगे।
अयोध्या में फिल्मी सितारों से सजी रामलीला में इस बार माता सीता की भूमिका कोई और नहीं बल्कि मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मणिका विश्वकर्मा निभाएंगी। 22 सितंबर से 22 अक्तूबर तक रामनगरी के रामकथा पार्क में आयोजित होने वाली इस रामलीला की तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस बार बाली की भूमिका में मनोज तिवारी,केवट की भूमिका में रवि किशन,परशुराम की भूमिका में पुनीत इस्सर,मेघ नाद की भूमिका में रजा मुराद,राजा जनक की भूमिका में अवतार गिल, विभीषण की भूमिका में राकेश बेदी नजर आएंगे। भगवान राम की भूमिका में राहुल गुच्चर,लक्ष्मण की भूमिका में राजन मोदी, हनुमान की राजेश पुरी व रावण की भूमिका मनीष शर्मा निभा रहे हैं।

अयोध्या की रामलीला के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी) और अयोध्या की रामलीला के संस्थापक महासचिव शुभम मलिक ने बताया कि अयोध्या की रामलीला जिसे पिछले वर्ष रिकॉर्ड तोड़ 45 करोड़ लोगों ने यूट्यूब पर देखा था। इस रामलीला के दर्शक दुनिया भर के कोने-कोने से हैं जो इसे विश्व की सबसे प्रसिद्ध रामलीला के रूप में खास बनाती है।
रामलीला में मां सीता का किरदार निभाने को लेकर मणिका विश्वकर्मा काफी उत्साहित हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि मैं काफी दिनों से अयोध्या जाने के लिए सोच रही थी लेकिन किसी न किसी कारण से टलता चला गया और अब श्रीराम की कृपा से अयोध्या जा भी रही हूं तो सीता के रूप में जिससे मैं बेहद उत्साहित हूं। यह साल मेरे लिए कई मायनों में बेहद खास है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



