पीएनबी करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ जाली नोट मामले में मैनेजर गिरफ्तार, NIA ने चंडीगढ़ से पकड़ा

वरिष्ठ संवाददाता, सहारनपुर
Follow us on Google News
share

सहारनपुर में पीएनबी की करेंसी चेस्ट में मिले जाली नोटों के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी  बैंक मैनेजर अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमित चंडीगढ़ में एनआईए के हत्थे चढ़ा। मामला सामने आने के बाद जिन 3 बैंक कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया था अमित उनमें से एक है। 

manager arrested in pnb currency chest case in rs 17 crore fake currency case nia arrested him from chandigarh
पीएनबी करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ जाली नोट मामले में मैनेजर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट से मिले 17.29 करोड़ के जाली नोटों के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे बैंक मैनेजर और एफआईआर में नामजद मुख्य आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें निलंबित किया गया था। अब एनआईए की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में शामिल अन्य लोगों और नकली करेंसी की साजिश की परतें खुलने की उम्मीद बढ़ गई है।

मामला 29 अगस्त को उस वक्त सामने आया, जब सदर बाजार थाना पुलिस को पंजाब नेशनल बैंक की सहारनपुर करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ मूल्य की नकली भारतीय मुद्रा बरामद होने की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका सामने आई। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। पुलिस ने सदर बाजार थाने में एफआईआर दर्ज की थी। बाद में एनआईए ने 3 सितंबर को केस को अपने स्तर पर दोबारा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान अमित कुमार को फरार आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया था। एनआईए ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है। एनआइए के मुताबिक, जांच जारी है। एजेंसी का लक्ष्य नकली करेंसी से जुड़ी पूरी साजिश का पर्दाफाश करना और मामले में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचना है। आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

करेंसी चेस्ट से लगी शाखा पर भी नजर

नकली नोटों के इतने बड़े मामले में करेंसी चेस्ट से जुड़े बैंकिंग कामकाज की पड़ताल पहले से ही जांच का अहम हिस्सा है। इसी क्रम में चेस्ट से सटी शाखा कर्मचारियों से भी संपर्क साधा जा रहा है। टीम यह समझने का प्रयास कर रही है कि संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारियां क्या थीं और करेंसी चेस्ट से उनका आधिकारिक संपर्क किस स्तर तक था।

कैश के आने-जाने की पड़ताल

जांच का एक अहम पहलू बैंक में नकदी के आने-जाने, नोटों की गिनती और सत्यापन से जुड़ी प्रक्रिया बताया जा रहा है। संबंधित दस्तावेजों और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकदी से जुड़े कामकाज में कौन-कौन से कर्मचारी शामिल थे। बैंक परिसर और आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी जांच के दायरे में आ सकती है।

सहारनपुर के एसएसपी ने दी ये जानकारी

सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि पूर्व बैंक मैनेजर अमित कुमार को एनआईए ने गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में एनआइए द्वारा जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP NewsPNB करेंसी चेस्ट 17 करोड़ जाली नोट मामले में मैनेजर गिरफ्तार, NIA ने पकड़ा