सेना की वर्दी में ट्रेनों में उड़ाता था यात्रियों का सामान, गिरफ्तार; अग्निवीर प्रमाण पत्र 4 पैन कार्ड बरामद
यूपी के आगरा में जीआरपी ने रेल यात्रियों को सामान उड़ने वाले आरोपी को दबोच लिया। जीआरपी को उसके पास से सेना की वर्दी, अग्निवीर इंडियन आर्मी प्रमाण पत्र, 4 पेन कार्ड, 2 आधार कार्ड सहित अन्य सामान बरामद हुआ।

यूपी में सेना की वर्दी पहनकर युवक रेलवे स्टेशनों व ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल व कीमती सामान चोरी कर रहा था। लगातार वारदात करने के चलते जीआरपी उसकी तलाश में जुटी थी। सोमवार को आगरा कैंट जीआरपी ने उसे दबोच लिया। जीआरपी को उसके पास से सेना की वर्दी, अग्निवीर इंडियन आर्मी प्रमाण पत्र, 4 पेन कार्ड, 2 आधार कार्ड सहित अन्य सामान बरामद हुआ।
इंस्पेक्टर विकास सक्सेना ने बताया कि सोमवार को चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नं.-6 से सेना की वर्दी में घूम रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पुलिस द्वार पकड़े जाने पर आरोपी सेना का रौब झाड़ने लगा। पुलिस के पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम राजन गुप्ता पुत्र हरिश्चन्द्र गुप्ता निवासी अमेठी बताया। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उसने बताया कि मैं फर्जी आर्मी अग्निवीर आईडेंटिटी कार्ड बनवाकर व आर्मी की वर्दी पहनकर ट्रेनों व स्टेशन प्लेटफार्म पर सो रहे यात्रियों के बैग व कीमती सामान की चोरी करता हूं। अभियुक्त से कोई पूछता तो बता देता था कि मैं बार्डर पर इमरजेंसी में जा रहा हूं। मेरी सीट कंफर्म नहीं हो पायी है। यदि कोई टीटीई मुझसे आईडी मांगता तो मैं यह फर्जी आईडी दिखाकर रेलवे स्टाफ को गुमराह कर देता था।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया
आरोपी ने बताया वह बीते छह माह से खेरिया मोड़ इलाके में रह रहा है। मकान मालिक को भी आरोपी ने फौजी होना और आगरा किला पर ड्यूटी बताई। आरोपी के पास से जीआरपी को दो पर्स, चार पेन कार्ड, दो आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, 11 डेबिट कार्ड, दो फर्जी अग्निवीर इंडियन आर्मी प्रमाण पत्र, सेना की वर्दी से जुड़े कपड़े मिले। जीआरपी ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

लेखक के बारे में
Deep Pandeyदीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।
और पढ़ें


