मुंह में दुपट्टा ठूंस, हथौड़े से हत्या कर, बेडशीट में लपेट फूंकी लाश; पति-पत्नी समेत 4 गिरफ्तार
26 मार्च की रात एक युवक का अधजला शव मिला था। शव की पहचान उमरी का पुरा निवासी अमित नरवरिया के रूप में हुई। अमित के पिता गिरिजाशंकर ने तहरीर देकर हत्या और पूर्व में मिलीं धमकियों की जानकारी दी। पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने कुलदीप दोहरे, दोस्त अमित दोहरे, शीतला और मिथिलेशी को अरेस्ट किया।

उत्तर प्रदेश के उरई में हैरान कर देने वाली एक घटना सामने आई है। जिले के कैलिया क्षेत्र में एक युवक की हत्या और उसका शव फूंकने के मामले में दंपति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी निशानदेही पर कत्ल में प्रयुक्त हथियार, दो बाइकें, हेलमेट और रक्तरंजित कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। चारों को जेल भेज दिया गया है।
हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया 26 मार्च की रात ब्योना रोड पर एक युवक का अधजला शव मिला था। शव की पहचान उमरी का पुरा निवासी अमित नरवरिया के रूप में हुई। अमित के पिता गिरिजाशंकर ने तहरीर देकर हत्या और पूर्व में मिलीं धमकियों की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। सीओ के नेतृत्व में जांच टीम ने कुलदीप दोहरे, दोस्त अमित दोहरे, शीतला और मिथिलेशी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी कुलदीप ने सनसनीखेज घटना बताई। उसने बताया कि 24 मार्च को उसकी पत्नी शीतला ने अमित को घर बुलाया। उसके पहुंचने पर पिटाई की गई। मुंह में दुपट्टा ठूंसकर डंडे और हथौड़े से वारकर मौत के घाट उतार दिया गया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बेडशीट में लपेटकर सुनसान स्थान पर ले जाकर जला दिया था। अमित के दोस्त ने घटना की जानकारी परिजनों को दी तो पुलिस को शिकायत की गई। रविवार को पुलिस ने चारों को गिरफ्तार करते हुए मामले का खुलासा किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार, दो बाइक, हेलमेट, अमित का आधार कार्ड और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
अमित के न आने पर मनीष ने परिजनों से किया था संपर्क: कैलिया में शीतल से मिलने गए अमित को छोड़ने के लिए उसका दोस्त मनीष भी साथ में आया था। मनीष गांव के बाहर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा हो गया था जबकि अमित मिलने उसके घर चला गया था और जाते वक्त अमित ने 30 मिनट में वापस आने की बात कही थी पर तीन-चार घंटे बीत के बाद भी जब अमित वापस ना आया तब मनीष ने अनहोनी की शंका के चलते घर जाकर सुगबुगाहट ली पर वहां कुछ भी सुराग न लगा। तब मनीष वापस अपने घर लौट गया पर दूसरे दिन सुबह जब उसे जंगल में किसी युवक का शव जला मिलने की खबर मिली तब उसने पूरा घटनाक्रम अमित के परिजनों को बता दिया था। जिसके बाद सभी लोग जंगल पहुंचे थे जहां अमित का शव जलाकर फेंका गया था और तब पुलिस ने अमित की पहचान करवाई थी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

