क्लासरूम में Kiss करने वाले शिक्षक-शिक्षिका सस्पेंड, दोनों शादीशुदा निकले; जानें पूरा मामला
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट तलब की थी। मंगलवार को उन्होंने शिक्षक और शिक्षिका दोनों को सस्पेंड कर दिया। क्लासरूम के अंदर इश्क फरमाने वाले शिक्षक- शिक्षिका दोनों शादीशुदा निकले हैं। शिक्षक की पत्नी और शिक्षिका के पति मंगलवार को स्कूल पहुंचे। दोनों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
Teacher in classroom : उत्तर प्रदेश के कन्नौज के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में क्लासरूम के अंदर से एक शिक्षक-शिक्षिका का शर्मनाक वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बीएसए ने इस मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) से रिपोर्ट तलब की थी। मंगलवार को उन्होंने शिक्षक और शिक्षिका दोनों को सस्पेंड कर दिया। क्लासरूम के अंदर इश्क फरमाने वाले शिक्षक और शिक्षिका दोनों शादीशुदा निकले हैं। शिक्षक की पत्नी इटावा में ग्राम पंचायत सेक्रेटरी के पद पर तैनात हैं। मंगलवार को उन्होंने स्कूल पहुंचकर अपने पति के खिलाफ ऐक्शन की मांग की। शिक्षिका के पति कारोबारी हैं। वह भी स्कूल पहुंचे और अपनी पत्नी को बर्खास्त करने की मांग की।
बता दें कि सोमवार को कन्नौज के एक प्राथमिक स्कूल से क्लासरूम के अंदर का वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में एक पुरुष शिक्षक और एक महिला शिक्षिका एक-दूसरे को Kiss करते नजर आ रहे थे। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। इस वीडियो के वायरल होने से बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो सर्दी के दिनों को बताया जा रहा है क्योंकि इसमें शिक्षक और शिक्षिका दोनों ने ही गर्म कपड़े पहन रखे थे। वीडियो वायरल होते-होते बीएसए के संज्ञान में आया तो उन्होंने मामले की जांच बिठा दी। कल से ही विभाग में तय माना जा रहा था कि दोनों को सस्पेंड कर दिया जाएगा। इधर, मंगलवार को शिक्षक-शिक्षिका दोनों में से कोई स्कूल नहीं आया।
शिक्षक की पत्नी मंगलवार को स्कूल में पहुंच गईं। उधर, शिक्षिका के पति भी स्कूल आए। दोनों ने अपने-अपने जीवनसाथी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वीडियो में विद्यार्थी भी दिख रहे
शिक्षक और शिक्षिका का यह कृत्य इसलिए और गंभीर हो गया है क्योंकि दोनों के एक-दूसरे के साथ किस के वीडियो में कुछ विद्यार्थी भी क्लासरूम में आते-जाते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बच्चों के क्लास से बाहर जाते ही सहायक अध्यापक और सहायक अध्यापिका अमर्यादित आचरण करने लगते हैं। यह एक कंपोजिट स्कूल बताया जा रहा है जहां जूनियर स्तर तक के विद्यार्थी पढ़ते हैं।
सन्न रह गए साथी शिक्षक और अभिभावक
शिक्षक-शिक्षिका का क्लासरूम में Kiss करने के वीडियो देखकर उनके साथी शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक सन्न रह गए हैं। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि कोई शिक्षक विद्या के मंदिर में इस तरह की हरकत कर सकता है। अभिभावकों का कहना है कि ऐसा अमर्यादित व्यवहार करने वाले शिक्षक-शिक्षिका कोई आदर्श नहीं प्रस्तुत कर सकते। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। उधर, अधिकारियों का कहना है कि दोनों के खिलाफ शुरुआती ऐक्शन ले लिया गया है। मामले की पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। इस संबंध में आगे और सख्त विभागीय कार्यवाही हो सकती है।
शिक्षक-शिक्षिका निलंबित, दो अधिकारी करेंगे जांच
स्कूल परिसर और क्लासरूम के अंदर अत्यंत आपत्तिजनक एवं अमर्यादित कृत्य करने के आरोप में सहायक अध्यापक और सहायक अध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों का यह कृत्य स्कूल समय के दौरान का है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश फैल गया था। बीएसए संदीप कुमार ने बुधवार को निलंबन आदेश जारी करते हुए शिक्षक को ब्लॉक संसाधन केंद्र गुगरापुर और शिक्षिका को तालग्राम से संबद्ध कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष जांच के लिए दो अलग-अलग जांच अधिकारी नामित किए गए हैं। जिनमें शिक्षक के मामले में खण्ड शिक्षा अधिकारी विकास खण्ड उमर्दा को जांच अधिकारी बनाया गया है। जबकि शिक्षिका के मामले में मधुलिका बाजपेयी खण्ड शिक्षा अधिकारी, कन्नौज को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। दोनों अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित शिक्षकों के लिए बिंदुवार आरोप पत्र तैयार कर उसे बीएसए से अनुमोदित कराएं। इसके बाद आरोपी शिक्षकों को इसे सौंपकर उनका लिखित जवाब प्राप्त करें और 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच आख्या प्रस्तुत करेंगे।
क्या बोले बीएसए
बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि विद्यालय जैसे संस्कारपरक वातावरण में शिक्षकों का ऐसा अमर्यादित आचरण सरकारी सेवक आचरण नियमावली का गंभीर उल्लंघन है। विभाग की छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है। तत्काल प्रभाव से दोनो को निलंबित कर अलग अलग बीआरसी में संबद्ध किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


