यूपी: शिक्षक की पत्नी और शिक्षिका के पति ने स्कूल पहुंचकर खोली पोल, क्लासरूम Kiss केस में नया मोड़
Teacher's Classroom Kissing Video Leaked: कन्नौज के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में एक शिक्षिका और शिक्षक का एक-दूसरे को किस करता वीडियो लीक हो गया। बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। बीएसए ने दोनों को सस्पेंड कर दिया है। दोनों शादीशुदा हैं। दोनों के जीवनसाथी मंगलवार को स्कूल पहुंचे।
Teacher's Classroom Kissing Video Leaked: उत्तर प्रदेश के कन्नौज के एक प्राथमिक स्कूल में एक-दूसरे को Kiss करते शिक्षक और शिक्षिका का वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। क्लासरूम में इश्क फरमाते कैमरे में कैद हुए शिक्षक और शिक्षिका दोनों शादीशुदा हैं। मंगलवार को शिक्षिका के पति और शिक्षक की पत्नी ने स्कूल पहुंचकर दोनों की पोल खोल दी। दोनों ने अपने-अपने जीवनसाथी की सरकारी सेवा से बर्खास्तगी की मांग की। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों के बीच अश्लीलता फैलाने वाले शिक्षक जैसे मर्यादित पद पर बने रहने के हकदार नहीं हैं। उन्हें तत्काल सेवा से बाहर किया जाना चाहिए।
महिला साथी शिक्षिका को Kiss करते कैमरे में कैद हुए शिक्षक की पत्नी ने बताया कि चार साल से दोनों के बीच कानूनी लड़ाई चल रही है। शिक्षक की पत्नी ने स्वीकार किया कि क्लासरूम में पति और एक शिक्षिका के अमर्यादित आचरण के वीडियो बनवाने के पीछे उन्हीं का हाथ है। उन्होंने कहा कि ये दोनों स्कूल में बच्चों के सामने रंगरेलियां मना रहे थे। समाज को ऐसे शिक्षकों की जरूरत नहीं है। इन्हें बर्खास्त होना चाहिए। निलंबन इनके लिए बहुत छोटी सी कार्यवाही है। उन्होंने कहा कि वह कभी विद्यालय के अंदर नहीं आईं लेकिन बाहर रहकर उन्होंने दोनों की करतूत उजागर करने का इंतजाम किया। शिक्षक की पत्नी ने कहा कि उनके पति ने उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी। इन्हें इसकी सजा मिलनी चाहिए। पत्नी ने बताया कि शिक्षक उन्हें अपने साथ रखने को तैयार नहीं हैं। वह अपनी प्रेमिका शिक्षिका के साथ ही रहने की जिद पर अड़े हैं।
2022 में भी आपत्तिजनक हाल में पकड़े गए थे दोनों
आरोपी शिक्षक की पत्नी औरैया के बिधूना क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्होंने दावा किया कि साल-2022 में भी उन्होंने दोनों को कथित आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था, जिसकी शिकायत इंदरगढ़ थाने में दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय के कुछ कर्मचारियों ने भी दोनों का सहयोग किया। इसी कारण उसने कथित वीडियो संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराकर कार्रवाई की मांग की है। हंगामे के दौरान महिला ने प्रधानाध्यापक से उपस्थिति रजिस्टर दिखाने की मांग की, लेकिन उन्होंने रजिस्टर दिखाने से इनकार कर दिया। इस दौरान महिला और उसके परिजनों ने विद्यालय परिसर में काफी देर तक विरोध प्रदर्शन किया।
गोपनीय ढंग से लगवाए थे सीसीटीवी कैमरे?
आरोपी शिक्षक की पत्नी एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं। गांववालों में चर्चा है कि अपने पति की हरकतों से तंग आकर कई महीने पहले उन्होंने गोपनीय ढंग से विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे। ताकि उसमें उसके पति और उसके साथ ही शिक्षिका की करतूतें कैद हो सकें। इस मिशन में वह पूरी तरह सफल रहीं। आरोपी शिक्षक और शिक्षिका को यह भनक तक नहीं लग सकी कि उनके द्वारा विद्यालय परिसर में किया जा रहा हर कृत्य सीसीटीवी में कैद हो रहा है। लोगों की मानें तो जब सिर से पानी ज्यादा ऊपर हो गया तब शिक्षक की पत्नी ने विद्यालय में बनाए गए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की पूरी श्रृंखला सार्वजनिक रूप से वायरल कर दी। लोगों की मानें तो करीब तीन दर्जन से भी अधिक फुटेज वायरल किए गए हैं। वहीं शिक्षक की पत्नी का यह भी दावा है कि उसने स्वयं ये सारे वीडियो स्कूल की खिड़की के पास खड़े होकर बनाए हैं। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में चोरी छिपे कैमरे लगवाए थे जो पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद हटवा दिए गए। वहीं मामले में बीएसए का भी यही कहना है कि विद्यालय में कैमरे नहीं लगे हैं बाहर से किसी ने चाेरी छिपे लगवाए हैं इसकी भी जांच कराई जा रही है।
शिक्षिका के पति ने कहा- जॉब मिलते ही बदल गया मिजाज
उधर, अपने साथी शिक्षक को क्लासरूम में Kiss करते पाई गईं शिक्षिका के पति भी मंगलवार को स्कूल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 2013 में उनकी कोर्ट मैरिज हुई थी। शादी के बाद उन्होंने ही पत्नी को बीटीसी कराई लेकिन नौकरी मिलने के बाद पत्नी के मिजाज बदल गए। उनका अपने साथी शिक्षक से अफेयर हो गया। उधर, घर में वह लगातार लड़ाई-झगड़ा करने लगी। पति ने अपनी शिक्षिका पत्नी पर मारपीट करने, फर्जी मुकदमा लिखाने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए।
पति ने कहा कि उन्हें जेल भी जाना पड़ा। जब कभी वह समझौते के बारे में सोचते हैं तो पत्नी जान से मारने की धमकी देती है। पति ने कहा कि स्कूल में अश्लीलता फैलाने के वीडियो सामने आने के बाद सारा कुछ साफ हो गया है। स्कूल के अंदर ऐसी हरकतों का बच्चों के ऊपर बहुत गलत प्रभाव पड़ेगा। ऐसे लोगों को शिक्षक बने रहने का हक नहीं है। उन्होंने बीएसए से दोनों को बर्खास्त करने की मांग की।
गुस्से में गांववाले, कड़ी कार्रवाई की मांग
कथित वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय की गरिमा बनाए रखने के लिए मामले में शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है। उधर वीडियो वायरल होने और समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद आरोपी दोनों शिक्षक और शिक्षिका मंगलवार को विद्यालय नहीं पहुंचे।
कार्रवाई की मांग को लेकर अभिभावकों का विरोध तेज
क्लासरूम में शिक्षक और शिक्षिका से जुड़े कथित शर्मनाक वीडियो के वायरल होने के बाद विद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया। प्रधानाध्यापक ने मामले को गंभीर मानते हुए सहायक अध्यापक और शिक्षिका को नोटिस जारी कर तत्काल स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। उधर बीएसए ने दोनों को निलंबित कर दिया। वीडियो की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। आसपास के गांवों से पहुंचे अभिभावकों दिव्या, नवीना, डिंपल, रानी देवी और विपुल प्रताप सिंह ने कहा कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने बच्चों को विद्यालय में नहीं पढ़ाएंगे। विरोध के दौरान कुछ अभिभावक अपने बच्चों को साथ लेकर घर भी लौट गए। ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ पाठक ने बताया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप सिंह ने आरोपी दोनों शिक्षक और शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

