यूपी चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी को झटका, AIMIM प्रवक्ता आसिम वकार कांग्रेस में शामिल
उत्तर प्रदेश में एमआईएमआईएम के अध्यक्ष असद्दुदीन ओवैसी को बड़ा झटका देते हुए पार्टी के तेज तर्रार प्रवक्ता आसिम वकार बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एमआईएमआईएम के अध्यक्ष असद्दुदीन ओवैसी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। बुधवार को लखनऊ में कांग्रेस यूपी प्रभारी राजेंद्र गौतम, यूपी अध्यक्ष अजय राय और सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की मौजूदगी में आसिम वकार ने पार्टी की सदस्यता ली। कांग्रेस ज्वाइन करते ही आसिम वकार एमआईएएमआईएम अध्यक्ष ओवैसी पर जमकर बरसे। कहा कि बीजेपी से लड़ाई की बात होती है लेकिन उनकी यह लड़ाई कांग्रेस और अन्य दलों से दिखाई देती है।
कहा कि जो लोग भी भारत से प्यार करते हैं, उन लोगों की एक ही मंशा है कि भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका जाए और देश में धर्मनिरपेक्ष और जनहित की सरकार बनाई जाए। इतने दिनों तक एमआईएमआईएम में रहने के बाद मुझे लगता है कि हम बीजेपी से लड़ने की बात तो करते हैं लेकिन जमीन पर बीजेपी से लड़ ही नहीं रहे हैं। कहीं कांग्रेस से लड़ रहे हैं, कहीं सपा से लड़ रहे हैं। हर उस आदमी से लड़ रहे हैं जो भाजपा को हटाना चाहता है। ऐसे में मुझे लगा कि जब पूरे विपक्ष से लड़ेंगे तो किसकी मदद कर रहे हैं।
कहा कि देश चाहता है कि भाजपा को हटाया जाए। ऐसे में हमारा मकसद केवल भाजपा से लड़ना होना चाहिए। अगर बीजेपी के दुश्मनों से लड़ रहे हैं तो इसका मतलब है कि बीजेपी को सहयोग कर रहे हैं। बीजेपी से देश में कोई लड़ रहा है तो वह राहुल गांधी और उनकी टीम और अजय राय जी पूरी ताकत से भाजपा का मुकाबला कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बंगाल में चुनाव से पहले ही कहा था कि वहां पर हुमायू कबीर जो बाबरी मस्जिद बनवा रहा था, वह बीजेपी का एजेंट है। बाद में इस बात का खुलासा एक स्टिंग आपरेशन में भी हुआ था। उन्होंने कहा कि जिस दिन भाजपा की सरकार केंद्र से हटेगी उस दिन इस बात का खुलासा होना चाहिए कि हुमायू कबीर को किन लोगों ने 1100 करोड़ रुपए दिए थे। हम लोग बीजेपी को हटाने के लिए आए हैं।
आने वाले चुनाव में हम भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे : अजय राय
इससे पहले मंगलवार को औरैया, इटावा और गाजीपुर के कई भाजपा और सपा नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इस अवसर पर कहा कि नए लोगों के जुड़ने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। आने वाले विधानसभा चुनाव में हम भाजपा को प्रदेश की सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे।
अन्य दलों से कांग्रेस में शामिल होने वालों को यूपी कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। गाजीपुर के दुर्गेश प्रताप सिंह ने सपा छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामा। औरैया की जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता दोहरे के प्रयासों से इटवा के भाजपा नेता शिवम दुबे, सत्यम, मोहित दुबे, अंशुल, रविकुमार आदि और औरैया के आलोक दुबे, उमेश चन्द्र, विष्णु व राहुल सिंह कांग्रेस में शामिल हुए।


