प्रयागराज में बड़ी वारदात, 4 हत्याओं से दहला इलाका, एक घर में बुजुर्ग मां-बाप, बेटी और युवक की लाश मिली
घर के भीतर से उठ रही तेज दुर्गंध से इस खौफनाक हत्याकांड की जानकारी हुई। पुलिस ने ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया तो पहली मंजिल पर बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी की लाशें मिलीं, जबकि भूतल की एक दुकान के अंदर से युवक का शव बरामद हुआ। युवक का चेहरा केमिकल से जलाया गया है।

UP News : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर के बीचोंबीच स्थित साउथ मलाका के एक मकान में चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। मंगलवार दोपहर घर के भीतर से उठ रही तेज दुर्गंध से इस खौफनाक हत्याकांड की जानकारी हुई। कोतवाली पुलिस ने ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया तो पहली मंजिल पर बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी की लाशें मिलीं, जबकि भूतल की एक दुकान के अंदर से युवक का शव बरामद हुआ। युवक का चेहरा केमिकल से बुरी तरह जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी। आशंका जताई गई कि युवक मृतक दंपती का बड़ा बेटा हो सकता है।
रेलवे डॉट पुल के सामने साउथ मलाका चौराहा स्थित दो मंजिला मकान में 70 वर्षीय वीरेंद्र कुमार वैश्य अपनी पत्नी 65 वर्षीय अनीता, 40 वर्षीय अविवाहित बेटी मीनाक्षी और 38 वर्षीय बेटे अभिषेक के साथ पहली मंजिल पर रहते थे। मकान के भूतल में करीब 14 दुकानें हैं, जिसमें से एक दुकान में बेटी गिफ्ट कॉर्नर और बेटा कलर लैब चलाता था, जबकि बाकी दुकानें किराए पर दी गई हैं।
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आसपास के लोगों ने वीरेंद्र के मकान से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने चैनल का ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया तो एक कमरे में वीरेंद्र और अनीता और दूसरे कमरे में मीनाक्षी का शव पड़ा मिला। इसके बाद तलाशी के दौरान भूतल स्थित कलर लैब में एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक का चेहरा केमिकल से जलाए जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी, लेकिन पुलिस को आशंका है कि वह वीरेंद्र का बड़ा बेटा अभिषेक हो सकता है।
प्रारंभिक जांच में सभी की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पूछताछ में यह भी पता चला कि वीरेंद्र वैश्य ने छोटे बेटे अश्वनी को कई साल पहले बेदखल कर दिया था, जबकि बड़े बेटे अभिषेक से भी उनका संपत्ति का विवाद चल रहा था। पड़ोसियों ने परिवार के सदस्यों को आखिरी बार रविवार सुबह देखा था। पुलिस को कमरे से एक हथौड़ी भी मिली है। ऐसे में माना जा रहा है कि हत्याकांड को दो से तीन दिन पहले अंजाम दिया गया। वारदात के बाद मकान बंद कर आरोपी फरार हो गए। घटनास्थल पर पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल शर्मा, डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ पहुंच गए। पुलिस संपत्ति विवाद, पारिवारिक रंजिश और लूट समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
क्या बोली पुलिस
प्रयागराज के अपर पुलिस आयुक्त डॉ.अजयपाल शर्मा ने बताया कि एक ही मकान से चार शव बरामद हुए हैं। प्रथम दृष्टया हत्या दो से तीन दिन पहले किए जाने की आशंका है। हत्या के कारणों का पता लगाने को तीन टीमें गठित की गई हैं। जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें

