सीएम योगी की सिटी में युवती की सरेराह पिटाई में बड़ा ऐक्शन, थानेदार और चौकी इंचार्ज समेत कई नपे

लाइव हिन्दुस्तान, गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सिटी गोरखपुर में युवती की सरेराह पिटाई के मामले में बड़ा ऐक्शन हुआ है। थानेदार और चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिस वालों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। तीन पुलिसकर्मी निलम्बित भी किए गए हैं।

सीएम योगी की सिटी में युवती की सरेराह पिटाई में बड़ा ऐक्शन, थानेदार और चौकी इंचार्ज समेत कई नपे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में रेलवे अस्पताल के पास पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में युवती की सरेराह पिटाई के मामले में रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई कर दी गई है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर शाहपुर थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह और कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं मौके पर वीडियो में दिख रहे पीआरवी के दो सिपाहियों और एक उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। एक होमगार्ड के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। इसके साथ ही एसएसपी ने अपने पीआरओ रहे निरीक्षक जितेंद्र सिंह को शाहपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया है।

तारामंडल क्षेत्र की रहने वाली युवती अपने पिता को कार से लेकर अस्पताल जा रही थी। गुरुवार शाम रेलवे अस्पताल के पास युवती की कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद विवाद शुरू हो गया। बाइक सवार युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो से पहुंचे मनबढ़ों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद युवती को कार से बाहर खींच लिया गया और उसके बाल पकड़कर सड़क पर थप्पड़, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान युवती लगातार बचाने की गुहार लगाती रही, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे।

वीडियो ने पुलिस पर उठाए सवाल

घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपियों को रोकने के बजाय मूकदर्शक नजर आए, जिससे लोगों में भारी नाराजगी थी। मामला तूल पकड़ने पर एसएसपी ने पूरे प्रकरण की समीक्षा कराई। जांच में ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

उधर, घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। मुख्य आरोपी मोहनापुर निवासी राज निषाद को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़खानी, मारपीट, धमकी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा पुलिस ने आठ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इन लोगों पर ऐक्शन

शाहपुर थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह लाइन हाजिर

कौवाबाग चौकी प्रभारी दुर्गेश नंदिनी लाइन हाजिर

उप निरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह सस्पेंड

रिक्रूट कांस्टेबल अविनाश यादव सस्पेंड

पीआरवी कांस्टेबल राजमंगल सिंह सस्पेंड

होमगार्ड हरि चरन राय के खिलाफ भेजी जाएगी रिपोर्ट

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।