Hindi NewsUP NewsMajor action taken against teachers absent from schools nine teachers services terminated, one teacher suspended
स्कूलों से गायब टीचरों पर बड़ा एक्शन, नौ की सेवा समाप्त, एक शिक्षिका को किया निलंबित

स्कूलों से गायब टीचरों पर बड़ा एक्शन, नौ की सेवा समाप्त, एक शिक्षिका को किया निलंबित

संक्षेप:

स्कूलों से गायब टीचरों पर शासन-प्रशासन सख्त हो गया है। इन पर बड़ा एक्शन शुरू हो गया है। नौ टीचरों की सेवा हमेशा के लिए समाप्त कर दी गई है। हस्ताक्षर करके लापता एक शिक्षिका को निलंबित किया गया है।

Jan 08, 2026 06:41 am ISTYogesh Yadav अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता
share Share
Follow Us on

बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बिना सूचना के अनुपस्थित नौ शिक्षकों और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी गई है। एक सहायक अध्यापिका को हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। अलीगढ़ के बीएसए डॉ. राकेश सिंह के अनुसार 22 जुलाई 2025 को जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) से ऐसे प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों और कर्मचारियों की रिपोर्ट मांगी गई थी। इसके बाद यह एक्शन हुआ है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बीईओ ने वर्षों से विद्यालयों में अनुपस्थित चल रहे शिक्षकों की रिपोर्ट मिलने के बाद यह कार्रवाई की है। बीईओ बिजौली द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में प्राथमिक विद्यालय बडेसरा के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के वर्ष 2021 से अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय बढ़ेपुरा की सहायक अध्यापक अनुराधा वर्ष 2019 से और विकास शर्मा मई 2024 से गैरहाजिर पाए गए।

ये भी पढ़ें:13 जिलों में एक लाख स्मार्ट मीटर वालों का बैलेंस गड़बड़ाया,बहुतों का बैलेंस जीरो

प्राथमिक विद्यालय नगला कामसहाय के सहायक अध्यापक विकास तोमर मई 2023 से, नगला बंजारा की सहायक अध्यापक निकिता गुप्ता मार्च 2021 से अनुपस्थित हैं। नगर क्षेत्र के बालक पाठशाला संख्या-14 में तैनात सहायक अध्यापक शबाना रिजवी जून 2022 से, अकराबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हिरनपुरा की सहायक अध्यापक शुभी वार्ष्णेय फरवरी 2024 से, प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर की सहायक अध्यापक कंचन गौतम मई 2020 से, गंगीरी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगला जाटवान के सहायक अध्यापक इमरान अली जनवरी 2025 से तथा गौंडा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल बासटोडा के सहायक अध्यापक हरेंद्र कुमार सितंबर 2019 से लगातार अनुपस्थित पाए गए।

बीएसए ने बताया कि सभी संबंधित कर्मियों को कई बार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, यहां तक कि सार्वजनिक सूचना के माध्यम से भी विद्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। विभाग ने इसे पद पर कार्य करने में अरुचि मानते हुए सेवा समाप्ति की कार्रवाई की।

इसके अलावा गौंडा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मुड़िया में बीईओ द्वारा 24 दिसंबर 2025 को किए गए औचक निरीक्षण में सहायक अध्यापिका संगम यादव हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित मिलीं। इससे पूर्व भी वह तीन, पांच और 13 दिसंबर को अनुपस्थित पाई गई थीं। बार-बार अनुपस्थिति के बावजूद बाद में चिकित्सा अवकाश का आवेदन देना लापरवाही और अनुशासनहीनता माना गया। इस पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।