ललितपुर में बड़ा ऐक्शन: जेल में बंद बदमाश ने स्कूल प्रबंधक से मांगी रंगदारी, जेलर समेत तीन सस्पेंड

Nov 06, 2025 09:54 pm ISTDinesh Rathour लखनऊ-ललितपुर
share Share
Follow Us on

यूपी के ललितपुर में बड़ी कार्रवाई हुई है। हिस्ट्रीशीटर की हत्या में जिला जेल में बंद एक बंदी ने बागपत के स्कूल प्रबंधक को फोन कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। स्कूल प्रबंधक ने उसपर एफआईआर दर्ज कराई।

ललितपुर में बड़ा ऐक्शन: जेल में बंद बदमाश ने स्कूल प्रबंधक से मांगी रंगदारी, जेलर समेत तीन सस्पेंड

हिस्ट्रीशीटर की हत्या में ललितपुर जिला जेल में बंद एक बंदी ने बागपत के स्कूल प्रबंधक को फोन कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। स्कूल प्रबंधक ने उसपर एफआईआर दर्ज कराई। गुरुवार को मामला संज्ञान में आने पर डीएम-एसपी ने जेल खंगाली तो बंदी के पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद जेल अधीक्षक ने बंदी के खिलाफ एक और मुकदमा सदर कोतवाली में दर्ज कराया। उधर डीजी जेल पीसी मीणा ने डीआईजी जेल कानपुर से पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच में लापरवाही मिलने पर डीजी ने जेलर जीवन सिंह, डिप्टी जेलर प्रिंस बाबू और जेल वार्डर आकाश कुशवाहा को निलम्बित कर दिया। इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए भी कहा गया है।

चार महीने पहले ढाका को भेजा गया था ललितपुर जेल

बागपत जिले के ढिकौली गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर प्रवीण उर्फ बब्बू की हत्या के आरोप में बागपत का ही रहने वाला ज्ञानेंद्र उर्फ ढाका को करीब चार महीने पहले जिला कारागार ललितपुर भेजा गया था। बागपत के भडल निवासी एक पब्लिक स्कूल के प्रबंधक कृष्णपाल राणा ने दोघट थाना पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि चार नवंबर को उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को ज्ञानेंद्र ढाका बताते हुए 20 लाख रुपये रंगदारी मांगी। पैसा न देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी। कृष्णपाल ने यह भी बताया कि ढाका इस समय जिला कारागार ललितपुर में बंद है।

बागपत में दर्ज हुआ था मुकदमा

बागपत में मुकदमा दर्ज होने के बाद इसकी जानकारी यहां के प्रशासनिक और पुलिस अफसरों को हुई तो हड़कंप मच गया। गुरुवार को डीएम-एसपी ने कई टीमों के साथ जेल में छापा मारा तो तीन नंबर बैरक में बंद ज्ञानेंद्र उर्फ ढाका के पास से कीपैड फोन मिला। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि जेल में एक फोन बरामद हुआ है। जेल अधीक्षक जीवन सिंह की तहरीर पर सदर कोतवाली में बंदी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि जेल में फोन मिलना गंभीर बात है। कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कराई जा रही है।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;